विश्व हिंदू परिषद का 6 शहरों में प्रदर्शन,ढाका में भारतीय उच्चायुक्त तलब…
नई दिल्ली,23 दिसम्बर 2025। बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद देशभर में प्रदर्शन कर रही है। आज सुबह वीएचपी के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर प्रदर्शन किया। वीएचपी ने दिल्ली,मुंबई, कोलकाता, अहमदाबाद, भोपाल और जम्मू में रैली निकालकर पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। बांग्लादेश में 18 दिसंबर की रात हिंदू युवक दीपू चंद्र की हत्या कर दी गई थी। पहले यह दावा किया जा रहा था कि दीपू ने फेसबुक पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी की थी, लेकिन शुरुआती जांच में इसका कोई सबूत नहीं मिला। इस बीच बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा को तलब किया है। यह एक हफ्ते में दूसरी बार है, जब भारतीय उच्चायुक्त को बुलाया गया है। बांग्लादेशी छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद भारत विरोधी प्रदर्शनों और फिर मैमन सिंह जिले में दीपू की मॉब लिंचिंग को लेकर दोनों देशों के रिश्ते काफी बिगड़ गए हैं।
बांग्लादेश ने राजनयिक
मिशनों पर हमले को लेकर चिंता जताई…
बांग्लादेश ने मंगलवार को भारत में अपने राजनयिक मिशनों पर हुए हमलों को लेकर गहरी चिंता जताई। विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक इन घटनाओं के विरोध में भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा को तलब किया गया। घटनाएं नई दिल्ली और सिलीगुड़ी में हुईं। बांग्लादेश ने कहा कि यह हिंसा और डराने-धमकाने की घटनाएं अस्वीकार्य हैं। ऐसे कृत्य न सिर्फ राजनयिक कर्मचारियों की सुरक्षा को खतरे में डालते हैं, बल्कि आपसी सम्मान, शांति और सहिष्णुता जैसे मूल्यों को भी कमजोर करते हैं। विदेश मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, प्रणय वर्मा को भारत में बांग्लादेशी मिशनों की सुरक्षा स्थिति को लेकर बुलाया गया। उन्हें निर्देश दिया गया कि सभी दूतावासों और संबंधित ठिकानों की सुरक्षा कड़ी की जाए। बांग्लादेश ने आरोप लगाया कि भारत में रहकर पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना लगातार ऐसे बयान दे रही हैं, जिन्हें बांग्लादेश भड़काऊ मानता है।
बांग्लादेश बोला…भारत दूतावासों की सुरक्षा सुनिश्चित करे…
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने उच्चायुक्त से कहा कि इन घटनाओं से डिप्लोमैट्स और हाई कमीशन की सुरक्षा पर खतरा पैदा हुआ है। उसने भारत सरकार से अपील की कि वह इनकी सुरक्षा सुनिश्चित करे। बयान में यह भी कहा गया कि बांग्लादेश सरकार ने भारत सरकार से इन घटनाओं की जांच कराने, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने और भारत में स्थित बांग्लादेश के राजनयिक मिशनों और उनसे जुड़ी सुविधाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है। इन घटनाओं में 22 दिसंबर 2025 को सिलीगुड़ी में बांग्लादेश वीजा सेंटर में तोड़फोड़ और 20 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग के बाहर प्रदर्शन शामिल है। बयान में कहा गया कि बांग्लादेश सरकार को उम्मीद है कि भारत सरकार अपनी अंतरराष्ट्रीय और राजनयिक जिम्मेदारियों के तहत तुरंत उचित कदम उठाएगी, ताकि राजनयिक कर्मियों और दूतावासों की गरिमा और सुरक्षा बनी रहे। इन्हीं सुरक्षा चिंताओं के चलते बांग्लादेश ने दिल्ली और सिलीगुड़ी में वीजा सेवाएं निलंबित कर दी हैं।
बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा की मांग…
उधर,बांग्लादेश हिंसा के खिलाफ भोपाल के इतवारा में मंगलवार को ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बांग्लादेश सरकार का पुतला जलाया गया। कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन ने कहा- यह विरोध सिर्फ प्रतीकात्मक नहीं है, बल्कि बांग्लादेश में हो रही घटनाओं को लेकर समाज के भीतर गहरी पीड़ा और आक्रोश को दर्शाता है। यह पुतला दहन नहीं, हमारे दिलों में जल रही वह आग है, जो बांग्लादेश में हमारे हिंदू भाइयों के साथ हो रहे अत्याचारों को देखकर भड़की है। जिस तरह वहां सरेआम हत्याएं और हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं, वह बेहद चिंताजनक और अमानवीय है। शमशुल हसन ने भारत सरकार से मांग की है कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर अब कड़े और प्रभावी कदम उठाए जाएं। यह मुद्दा केवल एक समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि मानवाधिकारों से जुड़ा गंभीर सवाल है,जिसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूती से उठाया जाना चाहिए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur