पीएम को देश का सर्वोच्च सम्मान दिया गया,इसे पाने वाले पहले ग्लोबल लीडर
अदीस अबाबा,17 दिसम्बर 2025। प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को इथियोपिया की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। यह दुनिया की 18वीं संसद है, जहां प्रधानमंत्री मोदी ने भाषण दिया। मोदी ने कहा कि मुझे इथियोपिया आकर बहुत अच्छा लग रहा है। यह शेरों की धरती है। यहां मुझे अपने घर जैसा महसूस हो रहा है, क्योंकि मेरा गृहराज्य गुजरात भी शेरों की धरती है। इससे पहले इथियोपिया के पीएम अबी अहमद अली ने मंगलवार को मोदी को देश का सर्वोच्च सम्मान दिया था। वे ‘द ग्रेट ऑनर निशां ऑफ इथियोपिया’ पाने वाले पहले ग्लोबल लीडर बने। इथियोपिया की संसद के संयुक्त सत्र में संबोधन खत्म करते ही सांसदों ने मोदी के लिए खड़े होकर तालियां बजाई।
मोदी बोले…भारतीय कंपनियां इथियोपिया की सबसे बड़ी इंवेस्टर
मोदी ने कहा,‘भारतीय कंपनियां इथियोपिया में सबसे बड़े इंवेस्टर्स में से हैं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में 5 अरब डॉलर (45 हजार करोड़ रुपए) से अधिक का निवेश किया है। 75,000 से अधिक रोजगार पैदा किए हैं। हमने भारत-इथियोपिया द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने का निर्णय लिया है। ‘ पीएम मोदी ने इथियोपियाई प्रधानमंत्री अबी अहमद अली को इथियोपिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वे यह सम्मान भारत के लोगों की ओर से स्वीकार करते हैं। इथियोपिया को दुनिया की सबसे प्राचीन सभ्यताओं में से एक बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इसका इतिहास इसके पहाड़ों, घाटियों और लोगों के दिलों में जीवित है।
इथियोपिया के राष्ट्रगीत की भारत के राष्ट्रगान से तुलना की : मोदी ने कहा,‘भारत का राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ और इथियोपिया का राष्ट्रगान दोनों में हमारी धरती को मां के रूप में देखा गया है। ये हमें अपनी विरासत, संस्कृति और सुंदरता पर गर्व करना सिखाते हैं और मातृभूमि की रक्षा के लिए प्रेरित करते हैं। ‘
भारत ने इथियोपिया को कोविड में 40 लाख टीके दिए
मोदी ने कहा, ‘कोविड-19 के दौरान भारत ने 150 से अधिक देशों को दवाएं और टीके भेजे। इथियोपिया को 40 लाख से अधिक टीके की खुराक की आपूर्ति करना भारत के लिए गर्व की बात थी। ‘
मोदी बोले- भारत डिजिटल सुविधाओं में आगे
मोदी ने कहा, ‘भारत में हमने अपना पब्लिक डिजिटल इंफ्रास्ट्रचर बनाया है। यह लोगों तक सरकारी सेवाओं की पहुंचने के तरीके में बदलाव लेकर आया है। आज भारत में लगभग हर आदमी पेमेंट, पहचान, सरकारी सुविधा के लिए डिजिटल तरीकों का इस्तेमाल कर रहा है। दुनिया के आधे से ज्यादा डिजिटल पेमेंट भारत में हो रहे हैं।
मोदी बोले…इथियोपिया शेरों की धरती
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को इथियोपिया की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। मोदी ने कहा कि उन्हें इथियोपिया आकर बहुत अच्छा लग रहा है। यह शेरों की धरती है। यहां उन्हें अपने घर जैसा महसूस हो रहा है, क्योंकि उनका गृहराज्य गुजरात भी शेरों की धरती है।
मोदी बोले…इथियोपिया-भारत के 2000 साल पुराने संबंध
भारत और इथियोपिया जलवायु और भावना दोनों में एक दूसरे के साथ विचार साझा करते हैं। लगभग 2000 साल पहले,हमारे पूर्वजों ने संबंध स्थापित किए थे। हिंद महासागर के पार व्यापारी मसालों और सोने का व्यापार करते थे, लेकिन वे केवल वस्तुओं का ही व्यापार नहीं करते थे,वे विचारों और जीवन शैली का भी आदान-प्रदान करते थे। अदीस और धोलेरा जैसे बंदरगाह न केवल व्यापार केंद्र थे, बल्कि सभ्यताओं के बीच सेतु भी थे। आधुनिक समय में, हमारा संबंध एक नए युग में प्रवेश कर रहा है। 1941 में इथियोपिया की मुक्ति के लिए भारतीय सैनिकों ने इथियोपियाई लोगों के साथ मिलकर लड़ाई लड़ी थी।
मोदी ने इथियोपिया को शुभकामनाएं दीं…
पीएम मोदी ने 1.4 अरब भारतीयों की ओर से इथियोपिया को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इथियोपिया की संसद,वहां के लोगों और उनकी लोकतांत्रिक यात्रा के लिए सम्मान जताया। मोदी ने कहा कि जब लोगों की चाहत और सरकार की सोच एक जैसी होती है, और दोनों मिलकर आगे बढ़ते हैं, तो देश विकास के रास्ते पर उम्मीद और लक्ष्य के साथ तेजी से आगे बढ़ता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur