लखनऊ,12 दिसम्बर 2025। उत्तर प्रदेश में बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव का शेड्यूल घोषित कर दिया गया है। पार्टी ने लखनऊ से जारी पत्र में चुनाव प्रक्रिया और समय-सीमा की पूरी जानकारी दी है। लंबे समय से यूपी बीजेपी कार्यकर्ताओं को जिस पल का इंतजार था, वह अब आ गया है। 13 दिसंबर को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया होगी, जबकि 14 दिसंबर को यूपी बीजेपी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। मौजूदा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का कार्यकाल पहले ही समाप्त हो चुका है। सूत्रों के अनुसार नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन में जातिगत समीकरण, बीजेपी के वोटबैंक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ तालमेल को प्राथमिकता दी जाएगी। राज्य इकाई ने हाईकमान को छह नेताओं के नाम भेजे हैं, जिनमें दो ब्राह्मण, दो ओबीसी और दो दलित नेता शामिल हैं। पार्टी नेतृत्व जल्द ही संतुलन बनाते हुए किसी एक नाम पर निर्णय लेगा। राज्य में अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रमुख नाम चर्चा में हैं। ब्राह्मण उम्मीदवार हरीश द्विवेदी लंबे समय तक संगठन में सक्रिय रह चुके हैं और वर्तमान में असम में पार्टी के इंचार्ज हैं। ओबीसी उम्मीदवारों में बीएल वर्मा और धर्मपाल सिंह के नाम प्रमुख हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur