हाथों में हथकड़ी,घटना के समय टिकट बुक करके भागे थे…
नई दिल्ली,11 दिसम्बर 2025 I गोवा के बिर्च नाइट क्लब में अग्निकांड के पांचवें दिन,गुरुवार को क्लब के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को थाईलैंड में हिरासत में लिया गया है। थाइलैंड पुलिस ने दोनों भाइयों की तस्वीरें भी जारी की हैं, जिनमें उनके हाथों में हथकड़ी लगी है। वे अपने पासपोर्ट पकड़े हुए हैं। सूत्रों के अनुसार, भारतीय अधिकारियों की एक टीम थाईलैंड के लिए रवाना हो चुकी है और 24 घंटे के भीतर लूथरा ब्रदर्स को वापस लेकर आएगी। संभावना है कि भारत लाने के बाद गोवा पुलिस दोनों को अपनी हिरासत में लेगी। बिर्च नाइट क्लब में 6 दिसंबर को आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद दोनों भाई भारत छोड़कर थाईलैंड फरार हो गए थे। दोनों पर गैर इरादतन हत्या और लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है। नॉर्थ गोवा जिला प्रशासन ने नाइट क्लबों, होटलों और उन जगहों पर आतिशबाजी पर बैन लगा दिया है, जहां पर पर्यटकों का आना-जाना हो। नाइट क्लब में इलेक्टि्रक पटाखों से ही आग लगी थी। दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में लूथरा ब्रदर्स की जमानत याचिका पर सुनवाई होगी। गोवा पुलिस ने लूथरा ब्रदर्स के पासपोर्ट सस्पेंड कर दिए हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, पासपोर्ट एक्ट 1967 की धारा 10ए के तहत केंद्र सरकार या उसका नियुक्त अधिकारी किसी का पासपोर्ट सस्पेंड कर सकता है। दिल्ली फायर सर्विस ने गोवा की घटना और क्रिसमस-न्यू ईयर सेलिब्रेशन को देखते हुए सभी रेस्टोरेंट,होटल और क्लब जैसे सार्वजनिक जगहों पर फायर सेफ्टी की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सौरभ और गौरव लूथरा ने थाईलैंड के लिए फ्लाइट टिकट उस समय बुक किए, जब गोवा में उनके नाइट क्लब में फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पाने और फंसे हुए लोगों को बचाने की कोशिश कर रही थीं। अधिकारियों ने बताया कि लूथरा भाइयों ने 6-7 दिसंबर की रात 1ः17 बजे ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी की वेबसाइट पर लॉग इन किया था।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur