नई दिल्ली,09 दिसम्बर 2025। राजधानी दिल्ली की हवा में पहले से कुछ सुधार हुआ है। हालांकि हवा अभी भी जहरीली बनी हुई है। मंगलवार की शाम चार बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक शहर के सभी 40 मॉनिटरिंग केंद्रों का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 282 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। इंडिया गेट और कर्तव्य पथ जैसे इलाकों में हल्की धुंध छाई रही, जिसके कारण दृश्यता कम हो गई और लोगों को सुबह के समय आवाजाही में दिक्कत का सामना करना पड़ा। सीपीसीबी ने बताया कि दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब रहा। आनंद विहार में औसत एक्यूआई 309 दर्ज किया गया, जहां पीएम 2.5 का अधिकतम स्तर 371 और पीएम 10 का अधिकतम स्तर 416 तक पहुंच गया। बवाना में औसत एक्यूआई 334 रहा, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। यहां पीएम 2.5 का अधिकतम स्तर 442 और पीएम 10 का अधिकतम स्तर 404 दर्ज किया गया। सीपीसीबी के अनुसार, दिल्ली से सटे एनसीआर क्षेत्रों की बात करें तो नोएडा की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित रही, जहां एक्यूआई 330 दर्ज किया गया। गाजियाबाद में एक्यूआई 309, ग्रेटर नोएडा में 302 और गुरुग्राम में 278 रहा। फरीदाबाद की हवा अन्य एनसीआर क्षेत्रों की तुलना में बेहतर रही और यहां एक्यूआई 203 दर्ज किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur