Breaking News

नई दिल्ली@संसद के तीसरे दिन हाई वोल्टेज ड्रामा,विपक्ष ने ‘लेबर लॉ’ पर किया हंगामा

Share


तीन श्रम कानूनों के खिलाफ कांग्रेस-इंडी गठबंधन का संसद भवन के मकर द्वार पर प्रदर्शन


नई दिल्ली,03 दिसंबर 2025। संसद के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस की अगुवाई में इंडी गठबंधन के नेताओं ने तीन नए श्रम कानूनों के खिलाफ मकर द्वार के पास विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे,कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी,कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी,केसी वेणुगोपाल, लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई,प्रमोद तिवारी सहित कई दलों के वरिष्ठ नेता प्रदर्शन में शामिल हुए। नेता कतारबद्ध होकर हाथों में पोस्टर और बैनर लिए श्रमिकों के हक बचाओ, कॉपोरेट जंगलराज को ना कहें’,श्रमिक न्याय हो, श्रमिक विरोधी कानून वापस लो’ जैसे नारे लगाते रहे। प्रदर्शनकारियों ने श्रम कानूनों को खत्म करने की मांग करते हुए संसद परिसर में जोरदार नारेबाजी की। कांग्रेस और इंडी गठबंधन नए नए श्रम कानूनों पर श्रमिकों के अधिकारों, सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा को कमजोर करने का आरोप लगाते हैं।
प्रिविलेज मोशन के सवाल पर रेणुका चौधरी
बोलीं…भौ-भौ,और क्या बोलूं…

कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने बुधवार को कुत्तों से जुड़े टिप्पणी को लेकर राज्यसभा में उनके खिलाफ प्रिविलेज मोशन लाने की तैयारी के सवाल पर अजीबोगरीब प्रतिक्रिया दी। दरअसल एक पत्रकार ने रेणुका से पूछा… आपके खिलाफ प्रिविलेज मोशन लाने पर विचार हो रहा है। इस पर क्या कहेंगी? रेणुका ने कहा…भौ-भौ,और क्या बोलूं? कांग्रेस सांसद ने आगे कहा…जब आएगा तब देखा जाएगा। अभी क्या जवाब दूं। जब आएगा तब मुंहतोड़ जवाब दूंगी। चर्चा के लिए और भी और भी जरूरी मुद्दे हैं, फिर भी ऐसा लगता है कि हर कोई कुत्ते से परेशान है। दरअसल,शीतकालीन सत्र के पहले दिन 1 दिसंबर को रेणुका चौधरी अपने साथ कार में एक कुत्ता लेकर पहुंची थीं। रेणुका से जब पूछा गया कि वे कुत्ते को संसद क्यों लाई हैं, तो उन्होंने कहा…ये छोटा और बिल्कुल नुकसान न पहुंचाने वाला जानवर है। काटने वाले और डसने वाले संसद में,कुत्ते नहीं।
प्रियंका बोलीं…वायु प्रदूषण राजनीतिक मामला नहीं,संसद में चर्चा हो…
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने वायु प्रदूषण पर कहा- मैं हर दिन कहती हूं कि सबको मिलकर इस मुद्दे पर कुछ करना चाहिए। यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है। संसद में इस पर चर्चा होनी चाहिए और ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
कांग्रेस सांसद बोले…जब तक प्रदूषण पर चर्चा नहीं होती,गैस मास्क पहनकर आएंगे
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा… आज ऐसी स्थिति पैदा हो गई है कि हम इस जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हैं। हम मांग करते हैं कि इस मुद्दे को गंभीरता से लिया जाए और प्रधानमंत्री इस पर आगे आएं। हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों का एक समूह बनाया जाए और दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए बजट आवंटन के साथ एक योजना बनाई जाए।
प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल के भाजपा सांसदों के साथ बैठक की…अभी से चुनावी तैयारी पर जोर
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को संसद परिसर में पश्चिम बंगाल के भारतीय जनता पार्टी के संसदों के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने राज्य की वर्तमान स्थितियों को देखते हुए पार्टी को जनता के साथ अपने रिश्ते मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने साल 2026 में होने वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर सांसदों से बात की। उन्होंने विस्तृत प्रेज़ेंटेशन्स तैयार करने और पूरी जमीनी तैयारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जनता को बताने के भी निर्देश दिए। प्रधानमंत्री के साथ बैठक के बाद भाजपा सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शामिक भट्टाचार्य ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री ने भाजपा सांसदों के साथ बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने सांसदों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारियों में जुट जाना चाहिए। इसके साथ सांसदों को सोशल मीडिया पर सक्रिय रह कर केंद्र की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने सांसद खगेन मुर्मु के स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी ली। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा सांसद खगेन मुर्मु पर हुए हमले जैसी घटनाओं को जनता के बीच ठीक से रखें, ताकि लोग समझ सकें कि तृणमूल कांग्रेस की तरफ से किस तरह की हिंसा हो रही है। शामिक भट्टाचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों को अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों के साथ-साथ जनभागीदारी बढ़ाने पर भी ध्यान देने को कहा है।


Share

Check Also

उज्जैन@ उज्जैन में मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास

Share अब स्वामी हर्षानंद गिरि के नाम से जानी जाएंगी,पिंडदान के साथ त्यागा पिछला जीवनउज्जैन,19 …

Leave a Reply