Breaking News

कैनाकोना@प्रधानमंत्री मोदी ने गोवा में भगवान राम की 77 फीट ऊंची प्रतिमा का किया अनावरण

Share


लोगों की एकता से होकर जाती है विकसित भारत की राह : मोदी


कैनाकोना,28 नवम्बर 2025। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दक्षिण गोवा जिले के श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्तम मठ में भगवान राम की 77 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद पीएम मोदी ने श्री संस्थान गोकर्ण परतगली जीवोत्तम मठ में पूजा-अर्चना की। प्रधानमंत्री मठ के 550वें साल के जश्न ‘सार्ध पंचशतामनोत्सव’ के मौके पर मठ आए हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने रामायण थीम पार्क गार्डन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने एक विशेष डाक टिकट और स्मारक सिक्का भी जारी किया और कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गोवा में कहा कि विकसित भारत का रास्ता लोगों की एकता से होकर गुजरता है। उन्होंने कहा कि आज देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण हो रहा है और अयोध्या राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और उज्जैन महाकाल महालोक इसका उदाहरण हैं।

उन्होंने 550 साल पुराने श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्थम मठ की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संस्था अनेक कठिन दौर से गुजरकर भी समाज को दिशा देती रही है।
बदलते समय और चुनौती के बीच मठ ने नहीं खोई अपनी दिशा : पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, यहां भगवान राम की 77 फुट ऊंची कांस्य की मूर्ति स्थापित की गई। तीन दिन पहले मुझे अयोध्या में राम मंदिर के ऊपर धर्म ध्वज फहराने का सौभाग्य मिला। पीएम मोदी ने कहा कि बदलते समय और चुनौतियों के बीच भी इस मठ ने अपनी दिशा नहीं खोई। बल्कि यह ‘मठ’ लोगों को दिशा देने वाला सेंटर बनकर उभरा। यही इसकी पहचान है। यह मठ समय के साथ बदलता रहा है।
सेवा की भावना है मठ की खासियत : पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा,यह मठ मूल्यों को बनाए रखने की नींव का पत्थर रहा है,और आने वाली पीढि़यों को ऊर्जा देता रहेगा…इस मठ की एक खासियत सेवा की भावना है, जिसने सदियों से समाज के हर तबके का साथ दिया है। सदियों पहले, जब इस इलाके में मुश्किलें आईं और लोगों को अपने घर-परिवार छोड़कर नई जगहों पर शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा, तो इस मठ ने समुदाय का साथ दिया, नई जगहों पर मंदिर और शेल्टर बनाए। इसने न सिर्फ धर्म बल्कि इंसानियत और संस्कृति की भी रक्षा की। समय के साथ,मठ की सेवा का दायरा बढ़ा है। आज, शिक्षा से लेकर हॉस्टल तक, बुज़ुर्गों की देखभाल से लेकर जरूरतमंद परिवारों की मदद तक, इस मठ ने हमेशा अपने संसाधन लोगों की भलाई के लिए लगाए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे समय आए जब गोवा के मंदिरों और पारंपरिक परंपराओं को चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन इन घटनाओं ने समाज की भावना को कमजोर नहीं किया। गोवा की खासियत यह है कि इसकी संस्कृति ने सभी बदलावों के बावजूद अपनी एकता बनाए रखी है और समय के साथ फिर से जीवित भी हुई है। पीएम मोदी ने दक्षिणी गोवा के पार्टगली में मठ में बने मंदिर का भी दौरा किया। यह मठ भारत के सबसे पुराने मठों में से एक है, जो अपने आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक योगदान के लिए जाना जाता है और सारस्वत समुदाय में इसका खास स्थान है। इस मौके पर गोवा के गवर्नर अशोक गजपति राजू और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत इस समारोह में मौजूद थे।


Share

Check Also

उज्जैन@ उज्जैन में मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास

Share अब स्वामी हर्षानंद गिरि के नाम से जानी जाएंगी,पिंडदान के साथ त्यागा पिछला जीवनउज्जैन,19 …

Leave a Reply