Breaking News

नई दिल्ली@बिहार में एनडीए की आंधी में बुझी लालटेन!एनडीए ने जमाया दोहरा ‘शतक’

Share


महागठबंधन अर्धशतक को तरसा…….


नई दिल्ली,14 नवम्बर 2025। बिहार चुनाव की तस्वीर साफ हो गई है। एनडीए ने चुनाव परिणाम में दोहरा शतक जमा चुकी है जबकि महागठबंधन अर्धशतक को भी तरस गया है। 243 में से 20२ सीटों के साथ एनडीए रिकॉर्ड जीत की ओर है। जबकि महागठबंधन के खाते में ३५ सीटें आ रही हैं। इस बीच पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा है कि ये सुशासन की जीत है। एनडीए को 2020 के मुकाबले 70 से ज्यादा सीटों का फायदा हो रहा है, वहीं महागठबंधन को लगभग इतनी ही सीटों का नुकसान हो रहा है। प्रचंड जीत के बीच सम्राट चौधरी, ललन सिंह ने नीतीश कुमार से मुलाकात की। पिछली बार 43 सीटों पर सिमटी जेडीयू की झोली में इस बार 80+ सीटें हैं। वहीं 91 सीटों के साथ भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। बड़े चेहरों में राघोपुर से तेजस्वी यादव करीब 12 हजार वोटों से जीत गए हैं। वहीं बड़े भाई तेजप्रताप की महुआ से हार लगभग तय है। दोनों डिप्टी सीएम की जीत तय है। महागठबंधन में राजद के खाते में 26, जबकि कांग्रेस 4 सीटों पर जीत की ओर है। पीके की पार्टी जन सुराज और वीआईपी का खाता भी नहीं खुला है। निर्दलीय समेत अन्य सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।


बिहार चुनाव की जीत का जश्न दिल्ली में,पीएम मोदी बोले…यह सुशासन,विकास की जीत


भाजपा ने बिहार में एनडीए की जीत का शुक्रवार को दिल्ली हेडक्वार्टर में जश्न मनाया।
इस मौके पर पीएम ने 42 मिनट के भाषण में कहा,बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया। अब कट्टा सरकार कभी वापस नहीं आएगी। उन्होंने छठी मईया के जयकारे भी लगाए। उन्होंने कहा कि जो छठ पूजा को ड्रामा कह सकते हैं,वे बिहार की क्या इज्जत करेंगे। इस दौरान कांग्रेस,आरजेडी,पश्चिम बंगाल, केरल तमिलनाडु चुनाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बंगाल में भी भाजपा सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब मुस्लिम लीगी माओवादी पार्टी बन गई है। पीएम शाम 6 बजकर 51 मिनट पर मुख्यालय पहुंचे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का गमछा लहराकर अभिवादन किया। सारे कार्यकर्ताओं ने भी गमछा लहराकर इसका जवाब दिया। मैं कहता हूं कि आपकी आशा मेरा संकल्प है। आपकी आकांक्षा मेरी प्रेरणा है। अब का बिहार विकसित होगा। भाजपा की ताकत उसका कार्यकर्ता है। भाजपा का कार्यकर्ता कुछ ठान लेता है तो कुछ भी असंभव नहीं रह जाता है। आज की विजय ने भाजपा के कार्यकर्ताओं को केरल, तमिलनाडु, असम, पुडुचेरी, पश्चिम बंगाल में भी नई ऊर्जा से भर दिया है। यहां गंगा जी, बिहार से बहते हुए ही बंगाल तक पहुंचती है। बिहार ने बंगाल में भाजपा की विजय का रास्ता बना दिया है। मैं बंगाल के भाई-बहनों से कहता हूं कि भाजपा आपके साथ मिलकर बंगाल से जंगलराज को उखाड़ फेंकेगी।
यह सुशासन,विकास की जीत : मोदी
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर बिहार चुनाव के नतीजों पर लिखा कि ‘सुशासन की जीत हुई है। विकास की जीत हुई है। जन-कल्याण की भावना की जीत हुई है। सामाजिक न्याय की जीत हुई है। बिहार के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार, जिन्होंने 2025 के विधानसभा चुनावों में एनडीए को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व जीत का आशीर्वाद दिया है। यह प्रचंड जनादेश हमें जनता-जनार्दन की सेवा करने और बिहार के लिए नए संकल्प के साथ काम करने की शक्ति प्रदान करेगा।’ ’मैं एनडीए के प्रत्येक कार्यकर्ता का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अथक परिश्रम किया है। उन्होंने जनता के बीच जाकर हमारे विकास के एजेंडे को सामने रखा और विपक्ष के हर झूठ का मजबूती से जवाब दिया। मैं उनकी हृदय से सराहना करता हूं!’ पीएम मोदी ने लिखा कि ‘आने वाले समय में हम बिहार के विकास, यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्य की संस्कृति को नई पहचान देने के लिए बढ़-चढ़कर काम करेंगे।हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यहां की युवा शक्ति और नारी शक्ति को समृद्ध जीवन के लिए भरपूर अवसर मिले।’
बिहार में विश्वास रखने वाले हर बिहारवासी की जीत : शाह
बिहार के नतीजों पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ‘यह विकसित बिहार में विश्वास रखने वाले हर बिहारवासी की जीत है। जंगलराज और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले किसी भी भेष में आएं, उन्हें लूटने का मौका नहीं मिलेगा। जनता अब सिर्फ और सिर्फ प्रदर्शन की राजनीति के आधार पर जनादेश देती है। नरेंद्र मोदी जी और नीतीश कुमार जी व एनडीए के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं। साथ ही अपने अथक परिश्रम से इस परिणाम को चरितार्थ देने वाले बूथ कार्यकर्ताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिवादन करता हूं।’ अमित शाह ने कहा कि ‘बिहारवासियों का एक-एक वोट भारत की सुरक्षा और संसाधनों से खेलने वाले घुसपैठियों और उनके हितैषियों के खिलाफ मोदी सरकार की नीति में विश्वास का प्रतीक है। वोटबैंक के लिए घुसपैठियों को बचाने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है। बिहार की जनता ने पूरे देश का मूड बता दिया है कि मतदाता सूची शुद्धिकरण अनिवार्य है और इसके खिलाफ राजनीति की कोई जगह नहीं है। इसीलिए राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस आज बिहार में आखिरी पायदान पर आ गई है।’

बिहार ने सही समय पर सही फैसला लिया, विकास पर भरोसा जताया : चिराग पासवान
बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद गठबंधन राजनीति और जनादेश को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बातचीत में बिहार की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए चुनाव परिणाम को ‘सही समय पर लिया गया सही फैसला’ बताया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने विकास, स्थिरता और ईमानदार शासन के पक्ष में मतदान किया है। चिराग पासवान ने कहा कि राज्य में डबल इंजन की सरकार पूरी मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता का यह जनादेश राज्य में तेज गति से विकास और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा, ‘हमारी डबल इंजन की सरकार एक ईमानदार प्रयास के साथ बिहार को आगे बढ़ा रही है। जनता के बीच यह विश्वास बना है कि जहां हमारा गठबंधन विकास की बात करता है, वहीं दूसरी तरफ एक ऐसा गठबंधन खड़ा है जो केवल अहंकार में डूबा हुआ है।’ चिराग ने विपक्षी महागठबंधन पर भी सीधा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि जनता अब केवल वादों से नहीं, बल्कि काम और नीतियों के आधार पर वोट देती है।
‘एक तरफ हमारा एनडीए गठबंधन विकास, रोजगार, शिक्षा और सुरक्षा की बात करता है, वहीं महागठबंधन केवल सत्ता की राजनीति और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं तक सीमित गया है,’ चिराग ने कहा। चुनाव परिणामों को लेकर चिराग ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में बिहार और अधिक प्रगति करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की योजनाएँ बिहार को नए आयाम दे रही हैं और केंद्र-राज्य की संयुक्त नीतियाँ अब जमीन पर परिणाम दिखा रही हैं। चिराग पासवान ने कहा कि यह जनादेश बिहार की जनता का भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं को भी बधाई दी और कहा कि अब जिम्मेदारी और बढ़ गई है कि इस विश्वास को बनाए रखते हुए विकास का सिलसिला और तेज किया जाए।

नीतीश कुमार ने राज्य के सभी मतदाताओं का जताया आभार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को मिली निर्णायक एवं ऐतिहासिक बढ़त पर सभी मतदाताओं का आभार जताया है। नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा, ‘बिहार विधानसभा चुनाव-2025 में राज्यवासियों ने हमें भारी बहुमत देकर हमारी सरकार के प्रति विश्वास जताया है। इसके लिए राज्य के सभी सम्मानित मतदाताओं को मेरा नमन, हृदय से आभार एवं धन्यवाद। ‘ नीतीश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनसे मिले सहयोग के लिए उनका नमन करते हुए हृदय से आभार एवं धन्यवाद। राजग ने इस चुनाव में पूरी एकजुटता दिखाते हुए भारी बहुमत हासिल किया है। इस भारी जीत के लिए राजग के सभी साथियों- चिराग पासवान, जीतन राम मांझी एवं उपेन्द्र कुशवाहा का भी धन्यवाद एवं आभार। आप सबके सहयोग से बिहार और आगे बढ़ेगा तथा देश के सबसे ज्यादा विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।


Share

Check Also

उज्जैन@ उज्जैन में मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास

Share अब स्वामी हर्षानंद गिरि के नाम से जानी जाएंगी,पिंडदान के साथ त्यागा पिछला जीवनउज्जैन,19 …

Leave a Reply