बिलासपुर, 11 नवम्बर 2025 I छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने सीपत तहसील के नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। नायब तहसीलदार ने एक किसान से उसकी मां की मौत के बाद फौती (उत्तराधिकार) रिकॉर्ड में नाम दर्ज करने के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये की मांग की थी। सोमवार को एसीबी ने उन्हें पहली किश्त की राशि लेते पकड़ा है।
फौती दर्ज करने मांगी थी बड़ी रकम : एसीबी के डीएसपी ने बताया कि 30 अक्टूबर को सीपत तहसील के ग्राम बिटकुला निवासी किसान प्रवीण पाटनवार ने शिकायत दर्ज कराई थी। किसान ने बताया कि उसकी माता का देहांत हो चुका है और उनके नाम पर गांव में करीब 21 एकड़ कृषि जमीन दर्ज है। इस जमीन के रिकॉर्ड में फौती दर्ज कर किसान और उसके भाई बहनों का नाम दर्ज कराने के लिए वह नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे से मिला था। नायब तहसीलदार कुर्रे ने इस काम के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये की डिमांड की थी।
किसान ने बनाई रंगे हाथ पकड़वाने की योजना : नायब तहसीलदार द्वारा पैसे की डिमांड करने पर किसान प्रवीण पाटनवार ने उसे सबक सिखाने और रंगे हाथों पकड़वाने की योजना बनाई। किसान ने सौदा तय करने के बाद पैसा देने के बजाय मामले की शिकायत एसीबी से कर दी। एसीबी की टीम ने शिकायत का सत्यापन कराया, जो सही पाया गया। सत्यापन के दौरान किसान ने नायब तहसीलदार से दोबारा बातचीत की, जिसके बाद अधिकारी 1 लाख 20 हजार रुपये में काम करने के लिए सहमत हो गया।
कॉफी हाउस में पकड़ा गया घूसखोर अधिकारी : एसीबी ने अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ने की पूरी प्लानिंग की। सोमवार को किसान ने पहली किश्त की राशि 50 हजार रुपये देने के लिए नायब तहसीलदार कुर्रे से संपर्क किया।दोपहर में नायब तहसीलदार ने किसान को एनटीपीसी के कॉफी हाउस में बुलाया। इस दौरान एसीबी की टीम भी पीछा करते हुए मौके पर पहुंच गई। जैसे ही किसान ने नायब तहसीलदार कुर्रे को 50 हजार रुपये थमाएएसीबीकी टीम ने उन्हें तुरंत दबोच लिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur