Breaking News

बिलासपुर@छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में खड़ी मालगाड़ी से टकराई पैसेंजर ट्रेन

Share


मृतकों के परिजनों को मिलेगा 10 लाख का मुआवजा

7 की मौत,15 घायल


बिलासपुर,04 नवम्बर 2025। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार को कोरबा पैसेंजर ट्रेन और एक मालगाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हुई। बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने 7 लोगों की मौत की पुष्टि की है,2 लोग बोगी के अंदर फंसे हैं। वहीं 15 लोग घायल हैं। इनमें बच्चे भी शामिल हैं। हादसा गटौरा स्टेशन के लाल खदान के पास हुआ है। रेलवे और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। रेस्क्यू टीम ने अब तक कई यात्रियों को बोगी से सुरक्षित निकाल लिया है। पैसेंजर ट्रेन की बोगी को गैस कटर से काटा जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसी बोगी में महिलाएं और बच्चे फंसे हुए हैं, जिन्हें निकाला जाएगा। रेलवे प्रशासन ने हादसे के तुरंत बाद मेडिकल यूनिट और डिविजनल अफसरों को मौके पर भेजा है। फिलहाल पूरे रूट पर ट्रेनों का संचालन ठप कर दिया गया है। कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द या रूट डायवर्ट किया गया है। रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख और घायलों को 5 लाख मुआवजे का ऐलान किया है।
बिलासपुर कलेक्टर बोले 7 लोगों की लाशें बरामद
बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि 7 लोगों की डेडबॉडी निकाली जा चुकी है। अभी भी बोगी के अंदर 2 लोगों के फंसे होने की जानकारी है, जिन्हें बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। 15-17 घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा चुका है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
बिलासपुर,रायपुर,रायगढ़ के बीच चलने वाली 3 लोकल ट्रेनें कैंसिल
बिलासपुर-रायपुर 68719, कोरबा-बिलासपुर 68731 और बिलासपुर-कोरबा 68732 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। रायगढ़, कोरबा और बिलासपुर से आने वाली कई ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं। बिलासपुर-टाटा एक्सप्रेस का समय री-शेड्यूल किया गया है और यह अपने निर्धारित समय से तीन घंटे देरी से रवाना होगी।
बिलासपुर में ट्रेनों की जानकारी नहीं मिल रही, यात्री परेशान
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर हसदेव कोरबा एक्सप्रेस के यात्रियों ने कहा कि उन्हें प्लेटफॉर्म की जानकारी नहीं मिल पा रही है, जिससे वह बहुत परेशान हैं। किस प्लेटफॉर्म पर ट्रेन आएगी, हमको पता नहीं चल पा रहा है। प्रत्यक्षदर्शी नरेंद्र मौर्य ने बताया कि, पटरी के किनारे ही मेरा घर है। अचानक टकराने की आवाज आई। तुरंत हम मौके पर पहुंचे वहां अफरा तफरी का माहौल था। घायलों को नीचे उतरवाया गया करीब 15-20 मिनट बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद घायलों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। चार-पांच शव निकाले गए हैं। अभी भी अंदर फंसे हुए हैं।
सीएम विष्णुदेव साय ने जताया दुख
बिलासपुर ट्रेन हादसा पर सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि बिलासपुर के पास ट्रेन दुर्घटना अत्यंत दुःखद है। बिलासपुर कलेक्टर से जानकारी ली है, बिलासपुर कलेक्टर को हरसंभव मदद के निर्देश दिए हैं, राज्य सरकार कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ है, रेलवे और प्रशासन की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं, घायलों के उपचार के लिए चिकित्सा मदद की जा रही है। हम संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर रख रखे हैं।
रेल प्रशासन ने मृतकों और घायलों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की है
मृतकों के परिजनों को 10 लाख, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को 5 लाख, सामान्य रूप से घायल यात्रियों को 1 लाख की सहायता राशि दी जाएगी। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है और सभी प्रभावित डिब्बों की तलाशी ली जा रही है ताकि कोई भी व्यक्ति फंसा न रह जाए। मौके पर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और एनडीआरएफ की टीम भी पहुंची हुई है। रेलवे सुरक्षा आयुक्त स्तर पर इस घटना की विस्तृत जांच कराने का आदेश दे दिया गया है।

जांच में दुर्घटना के तकनीकी और मानवीय कारणों का पता लगाया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि दुर्घटना से प्रभावित यात्रियों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता दी जा रही है। रेल सेवाओं को बहाल करने के लिए ट्रैक की सफाई और मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है।


Share

Check Also

रायपुर@डीपीआई का आदेश : जिस स्कूल के लिए जारी हुआ पोस्टिंग आदेश,वहीं करनी होगी जॉइनिंग,सभी अभ्यावेदन खारिज

Share रायपुर,27 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण को लेकर डीपीआई ने कड़ा आदेश …

Leave a Reply