वारदात से पहले मास्टरमाइंड के साथ की थी मीटिंग तारकेश्वर-नागेंद्र ने शूटर्स को दिलवाए थे 1 लाख
बिलासपुर,01 नवम्बर 2025। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में राजनीतिक वर्चस्व और जमीन बिजनेस की लड़ाई के चलते कांग्रेस नेता नीतेश सिंह पर गोली चलाई गई थी। इस मामले में अब पुलिस ने कांग्रेस नेता अकबर खान को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि गोलीकांड से पहले मुख्य आरोपी विश्वजीत की कांग्रेस नेता अकबर खान के साथ मीटिंग हुई थी। अकबर खान के साथ एक और आरोपी देवेश सुमन उर्फ निक्कु सुमन को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार अकबर खान नीतेश सिंह पर फायरिंग कराने की साजिश में शामिल था। वहीं हत्या कराने के लिए कांग्रेस नेता तारकेश्वर पाटले और नागेंद्र राय ने सुपारी दी थी। विश्वजीत को तारकेश्वर पाटले ने शूटर्स को देने के लिए एक लाख रुपए उपलब्ध कराए थे। पुलिस नागेंद्र राय और तारकेश्वर पाटले की तलाश कर रही है। हालांकि, दोनों पुलिस पकड़ से बाहर है। इधर, पुलिस ने हमले के मास्टरमाइंड विश्वजीत अनंत, उसके भाई समेत 4 आरोपियों से पिस्टल-कट्टा बरामद किया है। इस मामले में अब तक 9 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। दरअसल, मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह के कार्यालय में 28 अक्टूबर की देर शाम नकाबपोश शूटरों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं थी। इस फायरिंग के दौरान मौके पर मौजूद मुड़पार के पूर्व सरपंच चंद्रकांत सिंह के हाथ और एक रिश्तेदार राजकुमार सिंह उर्फ ‘राजू सिंह’ के पैर पर 2 गोलियां लगीं थी।
वहीं एक गोली पीठ को छूकर निकल गई। बचाव में जब नीतेश ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से रिटर्न फायर किया, तो शूटर भाग निकले। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायल चंद्रकांत सिंह (55) और राजू सिंह (45) को अपोलो अस्पताल ले जाया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur