बलरामपुर,29 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)।छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस लाइन में तैनात आरक्षक पर कॉलेज की छात्रा से दुष्कर्म का आरोप है। जानकारी के अनुसार,पीडि़ता जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र की 21 वर्षीय छात्रा है, जो बलरामपुर में अपने रिश्तेदार के घर रहकर बीए फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रही थी। रिश्तेदार भी बलरामपुर पुलिस में कार्यरत हैं।
क्या है पूरा मामला…22 फरवरी 2025 को,जब छात्रा के रिश्तेदार ड्यूटी पर थे, तब पुलिस लाइन में तैनात आरक्षक सत्येंद्र पाठक ने छात्रा के कमरे में प्रवेश किया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीडि़ता ने अपने रिश्तेदारों को पूरी जानकारी दी। आरोपित आरक्षक ने कसम खाकर आश्वासन दिया कि वह फिर ऐसी हरकत नहीं करेगा और परिजनों को मामले को दबाने के लिए राजी कर लिया। लेकिन उसकी नियत नहीं बदली। लगभग दो सप्ताह बाद, जब छात्रा अकेली थी, आरक्षक ने उसे स्कूटी पर बैठाकर अपने मर्टर ले जाकर फिर से रेप किया। इस दौरान उसने पीडि़ता को धमकी दी कि यदि किसी को कुछ बताया तो जान से मार देगा। डर और शोषण के कारण छात्रा को पढ़ाई छोड़नी पड़ी और घर लौटना पड़ा।
पीडि़ता ने बताई आपबीती
आरक्षक की हरकतों से परेशान होकर पीडि़ता ने इस घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। पीडि़ता की आपबीती सुनकर परिजन बलरामपुर थाने में शिकायत कराने पहुंचे, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसके बाद पीडि़ता ने सरगुजा आईजी से शिकायत की। आईजी के निर्देश पर जशपुर जिले की बगीचा पुलिस ने 22 सितंबर 2025 को आरक्षक सत्येंद्र पाठक के खिलाफ धारा 332 (ख) और 64 (2) के तहत एफआईआर दर्ज कर केस डायरी बलरामपुर कोतवाली को भेज दी।फिलाहल बलरामपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur