Breaking News

अंबिकापुर@मैनपाट में 6 आदिवासी बच्चियों के कथित धर्मांतरण की कोशिश,महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज

Share

अंबिकापुर,15 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के मैनपाट ब्लॉक से धर्मांतरण का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। यहां 6 नाबालिग आदिवासी बच्चियों को पैसे का लालच देकर कथित रूप से ईसाई धर्म में परिवर्तन कराने की कोशिश की गई। इस मामले में आरती माझी नामक महिला के खिलाफ छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंर्त्य अधिनियम 1968 की धारा 5(क) के तहत कमलेश्वरपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। घटना रविवार,14 सितंबर की है। जानकारी के अनुसार,मैनपाट के केसरा और सरभंजा गांव की रहने वाली 6 आदिवासी बच्चियों को आरती माझी नाम की महिला बरिमा गांव में आयोजित एक प्रार्थना सभा व बपतिस्मा कार्यक्रम में ले जा रही थी। यह कार्यक्रम बरिमा चर्च से जुड़ा बताया जा रहा है। बच्चियों के साथ महिला को जाते हुए स्थानीय युवक दिलवर यादव और अन्य लोगों ने रास्ते में रोका और पूछताछ की। दिलवर यादव ने बताया कि आरती माझी ने इन बच्चियों को प्रत्येक को 40-40 रुपये देकर प्रार्थना सभा में चलने के लिए प्रलोभित किया था। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि उसने बच्चियों को ले जाने से पहले उनके माता-पिता से कोई अनुमति नहीं ली थी। यह बात सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि जब से उन्होंने प्रार्थना सभाओं में जाना बंद कर दिया है, महिला बच्चों को निशाना बना रही है।
परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर
घटना की जानकारी मिलते ही बच्चियों के परिजन थाने पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। दिलवर यादव की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरती माझी के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता कानून के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने बच्चियों के परिजनों के बयान भी दर्ज किए, जिन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्हें इस पूरी बात की कोई जानकारी नहीं थी।
विधायक व भाजपा नेता ने जताई नाराजगी
घटना के सामने आने के बाद सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, मैनपाट ब्लॉक में धर्मांतरण की गतिविधियां चिंताजनक हैं। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं,भाजपा नेता व मैनपाट के पूर्व मंडल अध्यक्ष रजनीश पांडेय ने कहा कि मैनपाट, बरिमा, कुदारीडीह, सरभंजा, केसरा, नर्मदापुर, कुनिया, रोपाखार और सपनादर जैसे क्षेत्रों में धर्मांतरण की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाए और स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।
पुलिस ने शुरू की जांच
कमलेश्वरपुर पुलिस ने बताया कि महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पूरा मामला धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच में है। पुलिस का कहना है कि यदि आगे और भी लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply