चुनाव से पहले नीतीश कुमार का एक और बड़ा ऐलान
पटना,27 जुलाई 2025 (ए)। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को राज्य में सफाई कर्मचारी आयोग के गठन की घोषणा की। यह आयोग सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की सुरक्षा,कल्याण, पुनर्वास, सामाजिक उत्थान, शिकायतों के निवारण और कल्याणकारी योजनाओं की निगरानी का कार्य करेगा। नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा,मुझे खुशी है कि बिहार में सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए ‘बिहार राज्य सफाई कर्मचारी आयोग’ का गठन किया जा रहा है। आयोग में एक अध्यक्ष, एक उपाध्यक्ष और पांच सदस्य होंगे, जिनमें एक महिला या ट्रांसजेंडर प्रतिनिधि भी शामिल होगा। यह आयोग सफाई कर्मियों के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार को सुझाव देगा और उनके हितों से संबंधित नीतियों पर काम करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम सफाई कर्मचारियों के सम्मान और उनके बेहतर भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। आयोग उनकी शिकायतों का समाधान करेगा और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करेगा। इसे सफाई कर्मचारियों के सामाजिक समावेशन और विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur