कारगिल विजय दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी ने दिया बयान,कही ये बात…
नई दिल्ली,26 जुलाई 2025 (ए)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 1999 के करगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए शनिवार को कहा कि विजय दिवस देश के जवानों की असाधारण वीरता और दृढ़ निश्चय का प्रतीक है। मुर्मू ने कहा कि राष्ट्र के प्रति जवानों का समर्पण और सर्वोच्च बलिदान देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘करगिल विजय दिवस के अवसर पर मैं मातृभूमि के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। यह दिवस हमारे जवानों की असाधारण वीरता, साहस एवं दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। देश के प्रति उनका समर्पण और सर्वोच्च बलिदान देशवासियों को सदैव प्रेरित करता
रहेगा। जय हिन्द! जय भारत!’’
पीएम मोदी ने कारगिल विजय दिवस पर दी बधाई…
इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने करगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ की बधाई देते हुए शनिवार को कहा कि यह दिवस करगिल के पहाड़ों से पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़ने में भारतीय सशस्त्र बलों की सफलता का प्रतीक है। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘देशवासियों को करगिल विजय दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। यह अवसर हमें मां भारती के उन वीर सपूतों के अप्रतिम साहस और शौर्य का स्मरण कराता है जिन्होंने देश के आत्मसम्मान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के जवानों का मातृभूमि के लिए मर-मिटने का जज्बा हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा।
कारगिल विजय दिवस:जब भारतीय लड़ाकों ने पाकिस्तान को घुटने टेकने पर कर दिया था मजबूर,
आज का दिन भारतीय वीरों के अदम्य साहस और वीरता की कहानी को याद करने का है। साल 1999 में भारतीय सुरक्षाबलों ने पाकिस्तान को कारगिल में करारी शिकस्त दी थी। इस युद्ध में लगभग 527 भारतीय सैनिक शहीद हुए थे और 1300 से अधिक घायल हुए थे। भारतीय सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को ऑपरेशन विजय के तहत अंजाम दिया गया था। भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सैनिकों के छक्के छुड़ाने के लिए ऑपरेशन विजय और भारतीय वायुसेना ने भी ऑपरेशन सफेद सागर शुरू किया। कारगिल के दुर्गम पहाड़ी इलाकों में कठिन परिस्थितियों में युद्ध हुआ। जिसमें भारत की जीत हुई और पाकिस्तान को घुटने टेकने पड़े। भारत के जवानों ने बर्फीले मौसम और कठिन पहाड़ी इलाकों में पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। भारतीय जवानों के लिए ये राह आसान नहीं थी क्योंकि पाकिस्तान के जवान ऊंची चोटियों से भारतीय जवानों पर निशाना साध रहे थे लेकिन भारतीय जांबाजों ने अपनी जान की परवाह किए बिना पाकिस्तानी सैनिकों को ढेर कर दिया और फतेह हासिल की।कैप्टन विक्रम बत्रा, लेफ्टिनेंट मनोज कुमार पांडे, जैसे अनगिनत वीरों ने अपने पराक्रम के बल पर पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया और भारत मां के लिए शहीद हो गए।
सैनिकों ने बलिदान देकर देश की एकता-अखंडता को बरकरार रखा : कारगिल विजय दिवस पर बोले योगी

कारगिल विजय दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी के शहीद स्मृति वाटिका में आयोजित एक कार्यक्रम में शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके परिजनों को सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारत के वीर सैनिकों ने अपना बलिदान देकर भारत की एकता और अखंडता को बरकरार रखा। मुख्यमंत्री योगी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान हमारे सैनिकों ने पलायन नहीं किया था, उसी का नतीजा है हमें विजय मिली। इस दिन भारत ने पाकिस्तान को धूल चटाकर दुनिया को हैरान कर दिया था।
भारत की संप्रभुता से खिलवाड़ करने वालों को मिलेगा मुंहतोड़ जवाब,यही भारत का न्यू नॉर्मल है…

26 वें कारगिल विजय दिवस समारोह को संबोधित करते हुए थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा,मैं चौथी बार कारगिल विजय दिवस के इस पावन आयोजन में सम्मिलित होकर गर्वित और भावुक महसूस कर रहा हूं…पिछले साल 2024 में हमने रजत जयंती के रूप में इस विजय गाथा का स्मरण किया…हम उन बहादुर नायकों को नमन करते हैं जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी ताकि हम गरिमा के साथ शांतिपूर्वक रह सकें..
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur