@यूएस ट्रैवल एडवाइजरी पर कांग्रेस ने मोदी सरकार को खूब सुनाया….
नई दिल्ली,24 जून 2025 (ए)। अमेरिका की तरफ से भारत यात्रा को लेकर जारी की गई नई ट्रैवल अडवाइजरी पर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस प्रवक्ता पार्टी की सोशल मीडिया टीम की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि यह मोदी सरकार की विफल विदेश नीति का नतीजा है कि आज भारत जैसे देश के लिए अमेरिका अडवाइजरी जारी कर रहा है। वहीं, पाकिस्तान जैसे देश को दावतें दी जा रही हैं।
मोदी सरकार की विदेश नीति पर सवाल
कांग्रेस ने सवाल उठाया कि 11 साल में नरेंद्र मोदी ने विदेश नीति के नाम पर केवल अपनी छवि चमकाई, लेकिन जब आज भारत को विश्व मंच पर मित्र देशों की जरूरत है,तो अमेरिका भारत के खिलाफ सलाह जारी कर रहा है कि महिलाएं अकेले भारत ना आएं। सुप्रिया का कहना था कि अमेरिका ने अपने लोगों से कहा है कि भारत में अपराध और रेप जैसी घटनाओं की वजह से महिलाएं भारत की अकेले यात्रा करने में सावधानी बरतें। वहीं उनका कहना था कि अमेरिका ने अपने सरकारी अधिकारियों के लिए भी बिना इजाजत भारत आने पर रोक लगाई है। इससे देश की छवि को नुकसान होगा, टूरिज्म प्रभावित होगा और निवेश भी घटेगा।
श्रीनेत ने तंज कसते हुए कहा कि मोदी जी ने तो ‘हाउडी मोदी’, ‘नमस्ते ट्रंप’ जैसे इवेंट कराए थे, ट्रंप के लिए नारे लगवाए थे, लेकिन वही अमेरिका आज भारत के लिए ऐसी अडवाइजरी जारी कर रहा है। सुप्रिया ने कटाक्ष करते हुए निशाना साधा कि मोदी जी कैमरे का एंगल ढूंढने में लगे रहे, विदेश मंत्री सोशल मीडिया पर व्यस्त रहे और देश की विदेश नीति की कलई खुल गई।
चीन की बी टीम है आसियान?
कांग्रेस ने आसियान को लेकर भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री के हालिया बयान को लेकर निशाना साधा। गौरतलब है कि भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गायेल ने आसियान देशों को चीन की बी टीम करार दिया, जिस पर खासा विवाद हो गया। आसियान देशों ने भी इस टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है और भारतीय मंत्री के बयान पर नाराजगी जताई है। इससे भारत की विदेश नीति और कूटनीति को एक झटका लगा है।
इसे लेकर कांग्रेस के मीडिया प्रभारी जयराम रमेश ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत और आसियान देशों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, व्यापारिक और राजनीतिक रिश्ते रहे हैं। दक्षिण-पूर्व एशिया के 10 देशों का यह समूह (ब्रूनेई, कंबोडिया,इंडोनेशिया,लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर,थाईलैंड और वियत नाम) करीब 60 साल से अस्तित्व में है।
चुप बैठी है मोदी सरकार:सुप्रिया श्रीनेत
सुप्रिया श्रीनेत ने यह भी कहा कि भारत के खिलाफ तो एडवाइजरी जारी हो रही है लेकिन पाकिस्तान, जहां आतंकवाद पनपता है, वहां के लिए कोई नई एडवाइजरी नहीं आई। पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर को अमेरिका दावतें दे रहा है और भारत को चेतावनी। उन्होंने कहा कि अमेरिका बार-बार भारत की छवि खराब कर रहा है और मोदी सरकार चुप बैठी है।महिला अपराधों को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोला। सुप्रिया ने कहा कि देश में हर घंटे 43 महिलाओं के खिलाफ अपराध होते हैं। यूपी, बिहार, ओडिशा से लेकर दिल्ली तक रोज नए मामले सामने आ रहे हैं। लेकिन सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है। सुप्रिया ने मांग की कि भारत सरकार इस मुद्दे को अमेरिकी सरकार के सामने मजबूती से उठाए और देश की छवि को बचाए।
आसियान सिर्फ व्यापारिक साझेदार नहीं…
भारत के लिए आसियान सिर्फ व्यापारिक साझेदार ही नहीं है, बल्कि रणनीतिक रूप से भी बेहद अहम है। इंडो-पैसिफिक रणनीति में आसियान देशों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में इस तरह के बयान से भारत का नुकसान ही होगा। कांग्रेस का कहना है कि मोदी सरकार की विदेश नीति लगातार भारत को वैश्विक मंच पर नुकसान पहुंचा रही है।
पहले अमेरिका द्वारा भारत पर ट्रैवल एडवाइजरी जारी करने का मुद्दा उठा, अब आसियान से रिश्ते बिगड़ रहे हैं। विपक्ष ने सरकार से मांग की है कि इस टिप्पणी पर सफाई दी जाए और भारत-आसियान रिश्तों में आई दरार को जल्द से जल्द खत्म करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur