@ गुजरात के विसावदर,पंजाब के लुधियाना में आप जीती,बंगाल में काउंटिंग के दौरान ब्लास्ट,बच्ची की मौत…
नई दिल्ली¸,23 जून 2025 (ए)। चार राज्यों की 5 विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव का रिजल्ट आ चुका है। गुजरात की कडी सीट से भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र चावड़ा जीते। उन्होंने कांग्रेस के रमेश चावड़ा को हराया। विसावदर पर आप के गोपाल इटालिया जीते। भाजपा के कीर्ति पटेल दूसरे नंबर पर रहे।
केरल में यूडीएफ उम्मीदवार कांग्रेस के आर्यदन शौकत को जीत मिली। उन्होंने सीपीआईएम के एम.स्वराज को हराया। पंजाब की लुधियाना वेस्ट आप के खाते में आई, यहां संजीव अरोड़ा जीते। कांग्रेस के भारत भूषण आसु दूसरे नंबर पर रहे।
पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर टीएमसी प्रत्याशी अलिफा अहमद जीतीं। उन्होंने भाजपा के आशीष घोष को हराया। इन सभी पांचों सीटों पर 19 जून को वोटिंग हुई थी।
वहीं, कालीगंज सीट के लिए जारी काउंटिंग के बीच कृष्णानगर थाना क्षेत्र के बाराचंदगर इलाके में एक विस्फोट हुआ। घटना में 9 साल की बच्ची की मौत हो गई। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने बच्ची की मौत पर दुख जताया। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा- पुलिस दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।
केजरीवाल बोले…मैं राज्यसभा नहीं जा रहा
लुधियाना से संजीव अरोड़ा के चुनाव जीतने पर वे राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देंगे। उनकी खाली हुई राज्यसभा सीट पर अरविंद केजरीवाल के राज्यसभा जाने की अटकलें हैं। हालांकि, अरोड़ा के चुनाव जीतने के बाद दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने स्पष्ट किया कि पार्टी की ओर से राज्यसभा में किसे भेजा जाना है यह फैसला आप की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी लेगी, मैं राज्यसभा नहीं जा रहा हूं।
उपचुनाव वाले राज्यों में वर्तमान सरकार की स्थिति
गुजरातः यहां भाजपा की सरकार है। भूपेंद्र पटेल सीएम हैं। कुल विधानसभा सीटें 182 हैं। भाजपा के पास 161 विधायक हैं, कांग्रेस के पास 12 औरआप के पास चार हैं। जबकि एक सीट समाजवादी पार्टी और दो निर्दलीय के पास है।
पश्चिम बंगालः राज्य में तृणमूल कांग्रेस की सरकार है। ममता बनर्जी सीएम हैं। कुल विधानसभा की 294 सीटें हैं। टीएमसी के पास 215 विधायक हैं। भाजपा के पास 77 सीटें हैं। कांग्रेस का कोई भी विधायक नहीं है।
पंजाबः यहां आम आदमी पार्टी की सरकार है। भगवंत मान सीएम हैं। कुल विधानसभा सीटें 117 हैं। आप के पास 91 सीटें हैं। कांग्रेस के पास 18 सीट, शिरोमणि अकाली दल के पास 3 सीट, बीएसपी के पास 1 और बीजेपी के पास 2 सीटे हैं। एक विधायक निर्दलीय है।
केरलः यहां लेफ्ट डेमोक्रेटिक फंट की सरकार है। पिनाराई विजयन सीएम हैं। कुल विधानसभा सीटें 140 हैं। एलडीएफ के पास 98 सीटें हैं। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के पास 41 सीटें हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur