Breaking News

नई दिल्ली@ 110 भारतीय छात्रों की दिल्ली में सुरक्षित हुई वापसी

Share

नई दिल्ली,19 जून 2025 (ए)। ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए ‘ऑपरेशन सिंधु’ शुरू किया है। इस अभियान के तहत बुधवार, 18 जून को 110 भारतीय छात्रों को लेकर एक विशेष विमान आर्मेनिया के येरेवन से रवाना हुआ,जो गुरुवार, 19 जून की सुबह नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा। विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि तेहरान में फंसे इन छात्रों को भारतीय दूतावास के सहयोग से सुरक्षित निकाला गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, भारत सरकार ने ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए ऑपरेशन सिंधु शुरू किया है। हम अपने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। जानकारी के अनुसार, ईरान ने संघर्ष के चलते अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया था,जिससे हजारों भारतीय, खासकर छात्र, वहां फंस गए थे।भारत ने ईरान से अनुरोध कर सुरक्षित निकासी के लिए वैकल्पिक रास्ते उपलब्ध कराए। छात्रों को अजरबैजान,तुर्कमेनिस्तान और अफगानिस्तान जैसे पड़ोसी देशों के रास्ते निकाला गया। इस प्रक्रिया में आर्मेनिया के ज़्वार्टनोट्स अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से विशेष उड़ान की व्यवस्था की गई। भारतीय दूतावास ने ईरान में 24*7 कंट्रोल रूम स्थापित किया है,जो फंसे हुए नागरिकों को सहायता प्रदान कर रहा है। अनुमान है कि ईरान में 4,000 से अधिक भारतीय नागरिक हैं, जिनमें अधिकांश छात्र हैं। भारत ने ईरान और आर्मेनिया के सहयोग की सराहना की है, जिनके समर्थन से यह निकासी संभव हो पाई।


Share

Check Also

सहारनपुर@देवबंद में ज्योत पदयात्रियों को कैंटर ने रौंदा,चार श्रद्धालुओं की मौत,15 घायल

Share सहारनपुर,10 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में शाकंभरी देवी से माता की …

Leave a Reply