भोपाल,03 जून 2025 (ए)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य 2028 के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी संगठन को मजबूत करना और बीस सालों से निस्तेज पड़े कांग्रेस संगठन को मिशन 2028 के लिए तैयार करना है। अपने पांच घंटे के दौरे के दौरान राहुल गांधी ने पांच बैठकों में हिस्सा लिया और नेताओं को गुटबाजी खत्म करने,एकजुट होकर काम करने और संगठनात्मक ढांचे को सशक्त बनाने का कड़ा संदेश दिया। राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं को निर्देश देते हुए कहा,गुटबाजी खत्म करें और मिलकर काम करें. कोई भी फैसला ऊपर से नहीं थोपा जाएगा। आप सब मिलकर फैसला करें और अगर कोई बदलाव की जरूरत होगी तो हम करेंगे।कांग्रेस के सीनियर लीडर ने संगठन के पुनर्गठन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा, किसी भी तरह की हेराफेरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर कहीं कुछ गलत दिखा, तो हम उसे तुरंत बदल देंगे। राहुल ने यह भी कहा कि बीजेपी की मदद करने वाले नेताओं की पहचान की जाए और संगठन में सही व्यक्ति को सही स्थान दिया जाए। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने बताया कि राहुल गांधी ने जिला कांग्रेस कमेटियों को ताकतवर बनाने का संदेश दिया है. उन्होंने कहा, जिला कांग्रेस कमेटियों की भूमिका को लोकसभा,विधानसभा,नगर निगम और नगर पालिका में उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बनाया जाएगा। इसके साथ ही उनकी जिम्मेदारी और जवाबदेही भी तय की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur