ललितपुर,26 मई 2025 (ए)। यूपी के ललितपुर में बीते दिन मधुमक्खियों का तांडव देखने को मिला। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल देवगढ़ बौद्ध गुफा में जल जीवन मिशन के तहत परियोजनाओं का निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारियों पर अचानक जंगली मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस हमले में सीडीओ, एडीएम सहित कई अधिकारी और कर्मचारी घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ का तो अभी भी इलाज चल रहा है। दरअसल, 25 मई को सभी अधिकारी रेशम विकास एवं युवा कल्याण विभाग के विशेष सचिव (आईएएस) सुनील वर्मा के साथ ललितपुर से 35 किलोमीटर दूर देवगढ़ गांव में पानी की व्यवस्था देखने गए थे। तभी इन पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया।
इस दौरान एडीएम (नमामि गंगे) राजेश श्रीवास्तव को मधुमक्खियों ने करीब 500 डंक मारे। उन्हें गंभीर हालत में झांसी रेफर किया गया है। वहीं, सीडीओ कमलाकांत भी मधुमक्खियों के हमले में घायल हुए हैं. उनको ललितपुर में ही भर्ती कराया गया है। हालांकि, सीडीओ कमलाकांत ने भागकर अपना मुंह मिट्टी में दबा लिया था,लेकिन मधुमक्खियों ने उनके शरीर पर कई जगह डंक मारे हैं। वहीं, विशेष सचिव सुनील कुमार वर्मा हमला होते ही मौके से दौड़कर निकल गए और गाड़ी में जाकर बैठ गए। जबकि,मौके पर मौजूद कुछ अधिकारी-कर्मचारी कंबल ओढ़कर भागते नजर आए। घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल देखने को मिला। वहीं,अफसरों की चीख-पुकार सुनकर गांववाले भागते हुए मौके पर पहुंचे और मदद के लिए हाथ बढ़ाया। उधर,सूचना पाकर जिलाधिकारी भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और अस्पताल में भर्ती एडीएम सहित अन्य लोगों का हाल-चाल जाना। सीडीओ, कमलाकांत पांडेय और एडीएम नमामि गंगे राजेश श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हैं, वहीं 3 कर्मचारी सामान्य रूप से घायल हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur