नई दिल्ली,20 मई 2025 (ए)। चंद्रयान की सफलता की कहानी के बाद अब भारत के सैन्य पराक्रम की नई गाथा स्कूली पाठ्यक्रम का हिस्सा बनने जा रही है। शिक्षा मंत्रालय ने निर्णय लिया है कि भारत की अत्याधुनिक ब्रह्मोस और आकाश मिसाइलों की शौर्यगाथा को देश के बच्चों तक पहुंचाया जाएगा। ये वही मिसाइलें हैं,जिनकी ताकत से पाकिस्तान ऑपरेशन सिंदूर के दौरान घुटनों पर आ गया था।
रोचक अंदाज़ में पढ़ाई जाएगी मिसाइलों की कहानी
मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, जिस तरह चंद्रयान मिशन की सफलता को सरल और आकर्षक भाषा में बच्चों तक पहुंचाया गया था और वह उनकी रुचि का केंद्र बना,उसी तरह ब्रह्मोस और आकाश मिसाइलों की कहानी भी बच्चों तक रोचक और प्रेरक शैली में पहुंचाई जाएगी। इसे भारतीय भाषाओं में तैयार किया जाएगा और पाठ्येत्तर गतिविधियों के माध्यम से छात्रों को सिखाया जाएगा। इस पहल में बच्चों को बताया जाएगा कि कैसे ब्रह्मोस और आकाश मिसाइलों ने पाकिस्तान की मिसाइलों को हवा में ही ध्वस्त कर दिया, और उसकी सुरक्षा प्रणाली को चकनाचूर कर दिया। इन मिसाइलों ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों और एयरबेस को लक्षित कर सफल हमले किए, जिससे वह कुछ ही घंटों में युद्धविराम की गुहार लगाने को मजबूर हो गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur