
बलरामपुर,01 मई 2025 (घटती-घटना)।छत्तीसगढ़ और झारखंड की सीमा पर स्थित ग्राम पंचायत ओरसापाठ में नक्सलियों ने एक बार फिर आतंक का तांडव मचाया। बुधवार की रात करीब साढ़े सात बजे करीब 10 से 12 की संख्या में हथियारबंद नकाबपोश माओवादियों ने निर्माणाधीन सड़क परियोजना में कार्यरत मुंशी अयूब खान पिता मइमुद्दीन खान (60 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी।
यही नहीं, निर्माण कार्य में लगे दो भारी वाहनों जेसीबी और पोकलेन मशीन को आग के हवाले कर दिया। वारदात के बाद गुरुवार सुबह इसकी जानकारी सामने आई, जिसके बाद छत्तीसगढ़ और झारखंड की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
जानकारी अनुसार,माओवादियों ने ग्राम पंचायत ओरसापाठ में प्रवेश कर पहले सड़क निर्माण कार्य में लगी जेसीबी और पोकलेन मशीन को आग के हवाले किया। ये वाहन मुंशी अयूब खान के घर के पास खेत में खड़े थे। इसके बाद उन्होंने अयूब खान के घर पहुंचकर उन्हें बाहर बुलाया और मोबाइल बंद करने को कहा। पास में खड़े वाहन चालकों को भी बंधक बनाकर उनके हाथ गमछे से बांध दिए गए और मोबाइल बंद करवा दिए गए। नक्सलियों ने सभी को पुलिस को सूचना न देने की धमकी दी।
इसके बाद,अयूब खान को कुछ दूरी पर ले जाकर बेरहमी से गोली मार दी गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद माओवादी झारखंड के जंगलों की ओर फरार हो गए। पूरी घटना को नक्सलियों ने करीब दो घंटे तक अंजाम दिया।
फिलहाल,यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस हमले के पीछे किस नक्सली संगठन का हाथ है और इसका उद्देश्य क्या था। घटनास्थल से किसी भी संगठन का पर्चा या घोषणा-पत्र भी नहीं मिला है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए दोनों राज्यों की पुलिस हरकत में आ गई है। झारखंड राज्य के महुआडाड़ डीएसपी एसपी बहेलिया,थाना प्रभारी मनोज कुमार और आईआरबी जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वहीं छाीसगढ़ की ओर से सामरी थाना प्रभारी विजय सिंह भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों में इस नक्सली हमले को लेकर दहशत का माहौल है। वहीं, प्रशासन ने मामले की जांच तेज कर दी है और नक्सलियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur