अंबिकापुर,16 अक्टूबर 2024 (घटती-घटना)। बलरामपुर निवासी भाजपा नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य धीरज सिंहदेव मंगलवार को अपनी बहन व जीजा के घर शहर के गोधनपुर स्थित वसुंधरा कॉलोनी में पत्नी व 6 वर्षीय बेटे स्वतंत्र सिंहदेव उर्फ शुभ के साथ घूमने आए थे। रात करीब 10 बजे वे घर लौटने की तैयारी में थे। इस दौरान उनका बेटा स्वतंत्र सिंहदेव बहन के घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार में आई एक कार उसे कुचलते हुए निकल गई। यह देख धीरज सिंहदेव व अन्य दौडकर वहां पहुंचे। बच्चे के पेट पर कार चढ़ गई थी, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। फिर उसे तत्काल संजीवनी अस्पताल ले जाया गया। यहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद भाजपा नेता पुत्र को लेकर बिलासपुर के अपोलो अस्पताल पहुंचे। यहां इलाज के दौरान बुधवार की सुबह 7 बजे उसकी मौत हो गई। भाजपा नेता के पुत्र को कुचलने के बाद कार चला रहे युवक ने कॉलोनी में ही कुछ दूर पर गाड़ी खड़ी की और ड्राइविंग सीट से उतरकर बीच वाली सीट पर लेटकर गर्लफे्रंड से मोबाइल पर बातचीत करने लगा। इस दौरान कॉलोनी वासी व भाजपा नेता के जीजा वहां पहुंचे। फिर सभी ने युवक की जमकर धुनाई की। फिर उन्होंने युवक को गांधीनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। भाजपा नेता धीरज सिंह देव के जीजा अभिषेक सिंह वसुंधरा कॉलोनी के अध्यक्ष हैं। उन्होंने पुलिस को दिए गए लिखित आवेदन में कहा है कि कार चालक युवक अनमोल सिन्हा आए दिन कॉलोनी में किसी युवती के चक्कर में आया करता था। अध्यक्ष होने के नाते अभिषेक सिंह ने उसे कई बार मना किया था। 2-3 बार डांट भी लगाई थी। उन्होंने आरोप लगाया है इसी रंजिशवश उसने बालक को कुचल दिया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur