नई दिल्ली,06 नवम्बर 2026। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। बोर्ड ने 6 नवंबर 2026 को अपनी आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in और cbseacademic.nic.in पर परीक्षा का शेड्यूल जारी किया। इसके अनुसार, दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। ऐसे में छात्रों को अपनी परीक्षा की तारीख और विषय के अनुसार तैयारी करने का समय मिल गया है। छात्र बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर अपनी कक्षा की पूरी डेटशीट देख सकते हैं। इसमें हर विषय की परीक्षा की तारीख और समय दिया गया है।
10वीं की परीक्षाएं कब तक चलेंगी?
सीबीएसई कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होकर 9 मार्च 2027 तक चलेंगी। इस बार 10वीं के छात्रों को कुल 83 विषयों की परीक्षा देनी होगी। बोर्ड ने सभी विषयों के लिए अलग-अलग तारीखें तय की हैं। छात्र अपनी डेटशीट देखकर यह जान सकते हैं कि किस दिन किस विषय का पेपर होगा। इससे उन्हें पढ़ाई का समय बांटने और परीक्षा की तैयारी करने में मदद मिलेगी। छात्रों को सलाह है कि वे अपनी परीक्षा की तारीखें ध्यान से देख लें,ताकि किसी भी पेपर को लेकर कोई उलझन न रहे।
परीक्षा कितने बजे से शुरू होगी?
सीबीएसई की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं सुबह 10ः30 बजे शुरू होंगी। छात्रों को परीक्षा के दिन समय का खास ध्यान रखना होगा। उन्हें अपने एडमिट कार्ड पर दिए गए निर्देशों को भी ध्यान से पढ़ना चाहिए। परीक्षा केंद्र पर कब पहुंचना है और किन चीजों को साथ ले जाने की अनुमति है,इसकी जानकारी एडमिट कार्ड में दी जाएगी। छात्रों को परीक्षा से पहले अपने विषय, तारीख और परीक्षा केंद्र की जानकारी अच्छी तरह जांच लेनी चाहिए। इससे परीक्षा वाले दिन किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
12वीं के पेपर कब होंगे खत्म?
सीबीएसई कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं भी 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। हालांकि, इनका शेड्यूल 10वीं से ज्यादा लंबा है। 12वीं के आखिरी पेपर 9 अप्रैल 2027 तक होंगे। इस कक्षा के छात्रों को कुल 121 विषयों की परीक्षा देनी होगी। इसमें अलग-अलग विषयों के लिए अलग तारीखें तय की गई हैं। इसलिए छात्रों को अपनी स्ट्रीम और चुने गए विषयों के अनुसार डेटशीट देखनी चाहिए। परीक्षा की तारीख पहले से पता होने पर छात्र हर विषय की तैयारी के लिए समय तय कर सकते हैं और आखिरी समय की जल्दबाजी से बच सकते हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur