करीब 200 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों व आश्रितों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से कराया स्वास्थ्य परीक्षण
अंबिकापुर, 04 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस एवं जीवन ज्योति सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, अंबिकापुर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को रक्षित केंद्र स्थित पुलिस अस्पताल में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में पुलिस वेलफेयर के तहत आयोजित इस शिविर में जिले के विभिन्न शाखाओं एवं कार्यालयों में पदस्थ पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों तथा उनके आश्रित परिजनों ने स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ लिया। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित शिविर में करीब 200 पुलिसकर्मी एवं उनके परिजन शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था में लगातार ड्यूटी और अनिश्चित कार्यशैली के कारण पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए शिविर के माध्यम से उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराया गया। शिविर में मेडिसिन, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, स्त्री एवं प्रसूति रोग, जनरल एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जरी, नेत्र रोग, एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर तथा फिजियोथेरेपी से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों की विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन दिया। इस दौरान हृदय, किडनी, हड्डी एवं जोड़ों, स्त्री एवं प्रसूति संबंधी समस्याओं, आंखों से जुड़ी परेशानियों सहित सामान्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह दी गई। साथ ही छत्तीसगढ़ शासन के कर्मचारियों के लिए उपलब्ध उपचार सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। शिविर में रक्षित निरीक्षक अंबिकापुर तृप्ति सिंह राजपूत एवं प्रशिक्षु सूबेदार पेमिन वर्मा सहित जीवन ज्योति हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं प्रदान कीं। इनमें डॉ. जे.के. सिंह (इंटरनल मेडिसिन), डॉ. अभिजीत प्रसाद (कार्डियोलॉजिस्ट), डॉ. उत्तम कुमार (नेफ्रोलॉजिस्ट), डॉ. स्नेहा सिंह (ऑब्स्टेट्रिक्स, गायनेकोलॉजी एवं इन्फर्टिलिटी), डॉ. विनय कर्णिक (ऑर्थोपेडिक सर्जन), डॉ. नारद गुप्ता (जनरल एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जन), डॉ. प्रवदा चतुर्वेदी (ऑप्थेल्मोलॉजिस्ट), डॉ. अनुराग सिंह (एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर) तथा डॉ. श्रेया सिंह (फिजियोथेरेपिस्ट) शामिल रहे। शिविर के समापन पर सरगुजा पुलिस प्रशासन ने जीवन ज्योति सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सकों, विशेषज्ञों एवं मेडिकल स्टाफ का स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। पुलिस विभाग ने कहा कि पुलिसकर्मियों के कल्याण और उनके स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए इस तरह की गतिविधियां आगे भी जारी रखी जाएंगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur