Breaking News

अम्बिकापुर@ सोशल मीडिया टिप्पणी से शुरू विवाद…होटल में आमना-सामना,थाने में भी बढ़ी गहमागहमी

Share


भाजपा नेता धीरज सिंह और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो के बीच विवाद के
बाद पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली लाई,नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर जताई आपत्ति

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,04 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)।
सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ की जा रही टिप्पणियों को लेकर रविवार को भाजपा नेता धीरज सिंह और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो आमने-सामने आ गए। घड़ी चौक स्थित एक निजी होटल के पास दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला गाली-गलौज तक पहुंचने की बात सामने आई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और भाजपा नेता धीरज सिंह को पुलिस वाहन से थाने ले आई। वहीं आकांक्षा टोप्पो और उसका वीडियोग्राफर निजी वाहन से कोतवाली पहुंचे। मामले की जानकारी मिलते ही कई भाजपा नेता भी कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को थाने लाने के तरीके पर सवाल उठाते हुए आपत्ति जताई। भाजपा नेताओं का कहना था कि जब मामला दोनों पक्षों के बीच विवाद का था तो पुलिस ने केवल धीरज सिंह को अपने वाहन से क्यों लाया।
थाने में पुलिस अधिकारियों से बहस : मामले को लेकर भाजपा नेताओं की कोतवाली में मौजूद सीएसपी राहुल बंसल से भी तीखी बहस हो गई। बताया जा रहा है कि सीएसपी भाजपा नेताओं को समझाइश दे रहे थे, इसी दौरान बातचीत तू-तू,मैं-मैं तक पहुंच गई। भाजपा नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए सवाल किए। इससे कोतवाली परिसर में कुछ देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही।
सोशल मीडिया पोस्ट को बताया जा रहा विवाद की वजह : प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आकांक्षा टोप्पो द्वारा किसी मामले को लेकर भाजपा सरगुजा जिला पदाधिकारी धीरज सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद धीरज सिंह के समर्थकों द्वारा भी सोशल मीडिया पर आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ पोस्ट किए जाने की जानकारी है। इसी विवाद के बीच रविवार को दोनों का होटल के पास आमना-सामना हुआ। बताया जाता है कि आकांक्षा टोप्पो द्वारा पूर्व में भी राजनीतिक नेताओं और अन्य लोगों को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणियां की जाती रही हैं और इसे लेकर शिकायतें भी थाने तक पहुंच चुकी हैं। हालांकि, इन शिकायतों और रविवार को हुए विवाद की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल दोनों पक्षों से पूछताछ और मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।


Share

Check Also

अंबिकापुर@ पुलिसकर्मियों और परिजनों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर हुआ आयोजित

Share करीब 200 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों व आश्रितों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से कराया स्वास्थ्य परीक्षण अंबिकापुर, …

Leave a Reply