Breaking News

सूरजपुर@ राजनीतिक पहुंच का दुरुपयोग या सुनियोजित जमीन हड़प कांड?

Share

  • सूरजपुर में पार्षद,साहू बोरवेल संचालक और दस्तावेज लेखक पर गंभीर आरोप
  • कागज़ में “खाली जमीन”, हकीकत में करोड़ों का निर्माणज्नशे में सहमति,
  • बेटी को बनाया मोहरा,80 डिसमिल जमीन पर कब्जे का आरोप
  • क्या राजनीतिक पहुंच बन गई ‘जमीन हड़पने का लाइसेंस’? सूरजपुर मामला चर्चा में
  • जिसके वोट से जीते, उसी की जमीन ही ले उड़े! सूरजपुर में पार्षद पर गंभीर सवाल
  • नशे की मजबूरी का फायदा, बेटी को बनाया मोहरा—80 डिसमिल जमीन पर कब्जे का आरोप
  • राजनीतिक रसूख या जमीन हड़प कांड? सूरजपुर में पार्षद पर गंभीर आरोप
  • कागज़ में खाली जमीन, हकीकत में कब्जा—सूरजपुर में बड़ा रजिस्ट्री खेल उजागर
  • पावर ऑफ अटॉर्नी का खेल: बेटी के नाम जमीन, फिर पार्षद के कब्जे का आरोप
  • नेताओं संग फोटो, जमीन पर कब्जा? सूरजपुर में पार्षद पर उठे बड़े सवाल
  • नशे में सहमति, कागज़ में सच्चाई—जमीन गायब, सिस्टम खामोश!
  • सूरजपुर में ‘कागज़ी खेल’: करोड़ों की जमीन को दिखाया खाली, फिर कब्जा
  • पार्षद,बोरवेल संचालक और दस्तावेज लेखक पर आरोप—जमीन हड़पने का संगठित खेल?
  • सूरजपुर रजिस्ट्री कांड:बेटी,पावर ऑफ अटॉर्नी और राजनीतिक रसूख का जाल
  • कागज़ बनाम हकीकत:सूरजपुर में जमीन विवाद ने खोली सिस्टम की पोल

-शमरोज खान-
सूरजपुर,05 अप्रैल 2026(घटती-घटना)।
क्या लोकतंत्र में सत्ता से नजदीकी और नेताओं के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें किसी को कानून से ऊपर खड़ा कर देती हैं? क्या राजनीतिक पहचान इतनी ताकतवर हो सकती है कि वह किसी आम नागरिक की जमीन, अधिकार और न्याय—तीनों को निगल जाए? सूरजपुर जिले के मानपुर से सामने आया ताजा मामला इन्हीं तीखे सवालों को जन्म देता है,जहां आरोप है कि जनता के वोट से चुना गया एक पार्षद उसी जनता के एक व्यक्ति की जमीन पर कब्जा करने के गंभीर आरोपों में घिर गया है,इस पूरे प्रकरण में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आती है कि एक व्यक्ति की नशे की लत, जो उसकी निजी कमजोरी थी,उसे ही उसके खिलाफ हथियार बना लिया गया,आरोप है कि उसी वार्ड के पार्षद,एक बोरवेल संचालक और एक दस्तावेज लेखक ने मिलकर एक ऐसा जाल बुना, जिसमें पीडि़त अपनी ही जमीन से बेदखल हो गया, बताया जा रहा है कि लगभग 80 डिसमिल जमीन को पहले बेटी के नाम रजिस्ट्री कराई गई, फिर उसी बेटी को पावर ऑफ अटॉर्नी बनाकर जमीन का हिस्सा पार्षद और अन्य लोगों के नाम कर दिया गया। इससे भी अधिक गंभीर आरोप यह है कि जिस जमीन पर पहले से करोड़ों का निर्माण मौजूद था,उसे कागज़ों में खाली भूमि दिखाकर रजिस्ट्री कराई गई,यह मामला केवल एक जमीन विवाद नहीं रह जाता,बल्कि यह सत्ता,प्रभाव,दस्तावेजी प्रक्रिया और कथित मिलीभगत के खतरनाक मेल का उदाहरण बनकर उभरता है, स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि संबंधित पार्षद की मंत्री, विधायक और बड़े नेताओं से नजदीकी है,और यही कारण है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई,ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या लोकतंत्र में आम नागरिक के अधिकार उसकी सामाजिक और राजनीतिक हैसियत के सामने इतने कमजोर हो चुके हैं कि उसकी जमीन भी सुरक्षित नहीं रही? सूरजपुर का यह मामला अब सिर्फ एक व्यक्ति की लड़ाई नहीं, बल्कि सिस्टम की पारदर्शिता, कानून की निष्पक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों की परीक्षा बन चुका है।
बता दे की छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से सामने आया जमीन विवाद अब एक साधारण पारिवारिक मतभेद से कहीं आगे बढ़कर एक संभावित संगठित जमीन हड़प प्रकरण के रूप में उभर रहा है,मानपुर निवासी एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उसके ही वार्ड के पार्षद, स्थानीय बोरवेल संचालक और दस्तावेज लेखक ने मिलकर उसकी लगभग 80 डिसमिल जमीन को सुनियोजित तरीके से अपने कब्जे में ले लिया,इस पूरे मामले में भाजपा पार्षद राजेश साहू,बोरवेल संचालक राधाकृष्ण साहू और दस्तावेज लेखक सलीम अली की भूमिका पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पीडि़त का कहना है कि उसकी नशे की लत को उसकी कमजोरी बनाकर,उसी का फायदा उठाते हुए यह पूरा खेल रचा गया।
मामले की शुरुआत : विश्वास से षड्यंत्र तक
पीडि़त के अनुसार,शुरुआत में मामला पारिवारिक स्तर का प्रतीत हुआ, जहां उसकी बेटी को आगे कर जमीन के कागज़ तैयार कराए गए,लेकिन धीरे-धीरे यह स्पष्ट होने लगा कि यह केवल एक सामान्य रजिस्ट्री नहीं,बल्कि एक बहुस्तरीय योजना थी,जिसमें स्थानीय स्तर पर कई लोगों की भूमिका जुड़ी हुई थी, आरोप है कि पीडि़त को मानसिक और शारीरिक रूप से कमजोर स्थिति—विशेषकर नशे की हालत—में रखते हुए उससे ऐसे दस्तावेजों पर सहमति ली गई,जिनके दूरगामी परिणाम उसे समझाए ही नहीं गए।
कागज़ बनाम हकीकत : खाली जमीन का सच
इस पूरे मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि जिस जमीन की रजिस्ट्री की गई,उसे दस्तावेजों में खाली भूमि दर्शाया गया,जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग बताई जा रही है,स्थानीय सूत्रों और पीडि़त के अनुसार,उस जमीन पर पहले से दुकान और अन्य निर्माण मौजूद थे, जो मुख्य सड़क से जुड़े होने के कारण अत्यधिक मूल्यवान माने जाते हैं, यदि यह आरोप सही हैं,तो यह केवल एक तकनीकी चूक नहीं बल्कि एक गंभीर आपराधिक कृत्य है,जिसमें जानबूझकर जमीन की वास्तविक स्थिति छुपाई गई,ताकि उसकी कीमत कम आंकी जा सके और बाद में उसे हड़पना आसान हो।
नशे में सहमति : वैध या जबरन?
मामले का सबसे संवेदनशील पहलू वह वीडियो है,जिसमें पीडि़त व्यक्ति जमीन हस्तांतरण की सहमति देता हुआ दिखाई देता है,हालांकि, पीडि़त का दावा है कि यह वीडियो उसकी नशे की हालत में बनवाया गया,यह सवाल यहां बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है कि क्या नशे में दी गई सहमति को वैध माना जा सकता है? कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति अपनी मानसिक स्थिति में नहीं है और उस समय उससे सहमति ली जाती है,तो वह वैध सहमति नहीं मानी जाती और उसे अदालत में चुनौती दी जा सकती है,इस दृष्टि से देखा जाए तो यह वीडियो एक सबूत कम और एक संभावित षड्यंत्र का हिस्सा अधिक प्रतीत होता है।
बेटी के नाम रजिस्ट्री,फिर पावर ऑफ अटॉर्नी का खेल
आरोपों के अनुसार,इस पूरे मामले में सबसे पहले पीडि़त की बेटी को केंद्र में लाया गया, जमीन को उसके नाम पर रजिस्ट्री कराया गया,जिसके बाद उसी बेटी से का हिस्सा अन्य व्यक्तियों के नाम स्थानांतरित कर दिया गया, बताया जा रहा है कि पूरी जमीन पहले बेटी के नाम की गई, फिर लगभग 16 डिसमिल जमीन पार्षद राजेश साहू और राधाकृष्ण साहू के नाम कर दी गई, यह घटनाक्रम स्पष्ट रूप से एक पूर्व नियोजित रणनीति की ओर संकेत करता है,जिसमें पहले परिवार के भीतर से जमीन निकाली गई और फिर बाहरी लोगों के नाम कर दी गई।
प्रशासन की भूमिका : कार्रवाई या मौन?
इस पूरे प्रकरण में सबसे चिंताजनक पहलू प्रशासन की अब तक की निष्कि्रयता मानी जा रही है,पीडि़त द्वारा शिकायत किए जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है, यह स्थिति कई सवाल खड़े करती है,क्या जांच प्रारंभ की गई है? क्या संबंधित अधिकारियों ने स्थल निरीक्षण किया? क्या दस्तावेजों की सत्यता की जांच हुई? या मामला अभी भी फाइलों में दबा हुआ है?
पारिवारिक विवाद से संगठित खेल तक
शुरुआत में यह मामला एक पारिवारिक विवाद जैसा प्रतीत हो सकता था, लेकिन जैसे-जैसे तथ्य सामने आए,यह स्पष्ट होता गया कि इसमें कई स्तरों पर मिलीभगत की आशंका है,इसमें शामिल हो सकते हैं, राजनीतिक प्रतिनिधि,स्थानीय कारोबारी,दस्तावेजी प्रक्रिया से जुड़े लोग और अन्य सहयोगी यह पूरा घटनाक्रम एक संगठित जमीन हड़पने के मॉडल की ओर संकेत करता है,जिसमें कमजोर व्यक्ति को निशाना बनाकर उसकी संपत्ति पर कब्जा किया जाता है।
कानूनी और नैतिक प्रश्न
क्या नशे में ली गई सहमति वैध है?
क्या निर्माण छुपाकर रजिस्ट्री करना अपराध नहीं?
क्या बिना भुगतान के जमीन का हस्तांतरण संभव है?
क्या राजनीतिक प्रभाव कानून से ऊपर हो सकता है? इन सवालों के जवाब केवल इस मामले के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की पारदर्शिता और विश्वसनीयता के लिए भी महत्वपूर्ण हैं।

सिस्टम की परीक्षा का मामला
सूरजपुर का यह मामला अब केवल एक व्यक्ति या परिवार तक सीमित नहीं रह गया है,यह पूरे सिस्टम—राजस्व विभाग,रजिस्ट्री प्रक्रिया,पुलिस प्रशासन और राजनीतिक ढांचे—की परीक्षा बन चुका है, यहां कागज़ कुछ और कह रहा है और जमीन की हकीकत कुछ और,यदि आरोप सही साबित होते हैं,तो यह केवल एक व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं, बल्कि व्यवस्था की गंभीर विफलता मानी जाएगी।
पुराने विवादों की परछाईं
सूत्रों के अनुसार, पार्षद राजेश साहू का नाम पहले भी विवादों में सामने आ चुका है,बताया जाता है कि वर्ष 2025 के नवंबर-दिसंबर में उन्होंने एक खनिज अधिकारी के साथ कार्रवाई के दौरान विवाद किया था, यह मामला एक ट्रैक्टर गिट्टी से जुड़ा था,जिसमें दस्तावेजों की अनुपस्थिति के बावजूद उन्होंने कार्रवाई का विरोध किया,हालांकि, बाद में मामला उनके खिलाफ जाता देख उन्होंने पीछे हटना ही उचित समझा।
भुगतान का रहस्य : जमीन गई,पैसा नहीं मिला
जमीन के किसी भी वैध लेन-देन में भुगतान सबसे महत्वपूर्ण पहलू होता है,लेकिन इस मामले में पीडि़त का दावा है कि उसे किसी प्रकार का भुगतान प्राप्त नहीं हुआ, यदि यह दावा सत्य है,तो यह मामला और अधिक गंभीर हो जाता है, क्योंकि बिना भुगतान के रजिस्ट्री होना या उसका कोई स्पष्ट रिकॉर्ड न होना सीधे-सीधे धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है,यह स्थिति पूरे लेन-देन की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करती है और यह संकेत देती है कि कहीं न कहीं प्रक्रिया को जानबूझकर अपारदर्शी रखा गया।
दस्तावेज लेखक की भूमिका : जानकारी थी या अनदेखी?
इस पूरे मामले में दस्तावेज लेखक सलीम अली की भूमिका भी जांच के दायरे में है,वह उसी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है,जहां यह जमीन स्थित है,ऐसी स्थिति में यह मानना कठिन है कि उसे जमीन की वास्तविक स्थिति—निर्माण,लोकेशन और मूल्य—की जानकारी नहीं रही होगी,और भी महत्वपूर्ण बात यह है कि उनके भाई स्वयं अधिवक्ता हैं, ऐसे में यह सवाल उठता है कि क्या इस पूरे लेन-देन में कानूनी सलाह नहीं ली गई,या फिर जानबूझकर नियमों की अनदेखी की गई?
राजनीतिक पहुंच और प्रभाव का आरोप
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज है कि पार्षद राजेश साहू की राजनीतिक पहुंच मजबूत है और उनके मंत्री,विधायक तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री के साथ अच्छे संबंध हैं,बताया जाता है कि इन संबंधों और तस्वीरों का उपयोग प्रभाव दिखाने के लिए किया जाता है,सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल प्रशासनिक कार्रवाई को प्रभावित करने के लिए किया गया? क्या यही कारण है कि शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई?
डिस्क्लेमर
इस समाचार में उल्लिखित सभी आरोप पीडि़त पक्ष द्वारा लगाए गए हैं, संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है, उनकी प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा, समाचार का उद्देश्य उपलब्ध तथ्यों एवं आरोपों को प्रस्तुत करना है।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का ताला

Share प्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी अटकी-आदिवासी परिवारों पर दोहरी मारप्रतापपुर, 23 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply