- रायपुर से होगी शुरुआत,एक महीने में
- प्रदेश के सभी संभागों तक पहुंचाने की तैयारी
रायपुर,08 जून 2026। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) प्रदेश में 14 जून से ‘बेटा बचाओ आंदोलन’ शुरू करने जा रही है। पार्टी अध्यक्ष अमित जोगी के नेतृत्व में शुरू होने वाले इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी,अवसाद,नशे और अपराध के मुद्दों को लेकर जनजागरण करना बताया गया है। पार्टी ने आंदोलन के लिए प्रदेशभर में चौपाल कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। इसकी शुरुआत 14 जून को रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अमलीडीह से होगी। अगले एक महीने में आंदोलन को प्रदेश के पांचों संभागों तक ले जाने की योजना बनाई गई है।
एक कड़ी टूटेगी तो बेटा और भविष्य दोनों बचेंगे…
आंदोलन की तैयारी को लेकर रायपुर स्थित जोगी निवास में हुई बैठक में अमित जोगी ने कहा कि बेरोजगारी,अवसाद,नशा और अपराध एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि,यह एक जहरीली श्रृंखला है। इसकी एक भी कड़ी टूट जाए तो हमारा बेटा और हमारा भविष्य दोनों बच सकते हैं। यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि हर मां की चिंता से जुड़ा आंदोलन है।
संजीव अग्रवाल को मिली बड़ी जिम्मेदारी
पार्टी ने आंदोलन के संचालन और विस्तार की जिम्मेदारी संजीव अग्रवाल को सौंपी है। उन्हें ‘बेटा बचाओ आंदोलन समिति’ का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है। वे प्रदेशभर में कार्यक्रमों के समन्वय और विस्तार का काम संभालेंगे। आंदोलन के तहत 14 जून से 2 जुलाई तक रायपुर, बिलासपुर, कोटा, जामुल, भिलाई, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, भाटापारा, सक्ती, जैजैपुर और अकलतरा समेत कई स्थानों पर चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद धरसींवा, आरंग, मरवाही, गौरेला-पेंड्रा, कवर्धा, मुंगेली, बिल्हा, लोरमी, बलौदाबाजार, कुरूद, पामगढ़, अभनपुर, जगदलपुर, बीजापुर और सुकमा सहित अन्य क्षेत्रों में भी कार्यक्रम होंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur