
धमतरी,08 जून 2026। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लगभग 2.60 करोड़ रुपये मूल्य की गांजा खेप बरामद करते हुए चार आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया। यह कार्रवाई पिछले चार वर्षों में जिले की सबसे बड़ी गांजा जब्ती मानी जा रही है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान थाना अर्जुनी पुलिस को सूचना मिली कि एक महिंद्रा पिकअप और एक स्विफ्ट कार में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर चारामा से धमतरी की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने श्यामतराई फॉरेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान पिकअप और कार से कुल 490.818 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 45 लाख 40 हजार 900 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार,एक महिंद्रा पिकअप और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए। जब्त वाहनों और अन्य सामान सहित कुल संपत्ति का मूल्य लगभग 2 करोड़ 60 लाख 75 हजार 900 रुपये बताया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जगदलपुर क्षेत्र से गांजा लाकर रायपुर और अन्य शहरों में खपाने की तैयारी में थे। गिरफ्तार आरोपियों में नौशाद खान, करण साहू, मोहम्मद शादिक और हिमांशु साहू शामिल हैं, जबकि एक नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार पिछले छह सप्ताह में गांजा तस्करी के खिलाफ यह सातवीं बड़ी कार्रवाई है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति या गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur