- अफीम खेती मामले में भाजपा घिरी…कांग्रेस ने गृह मंत्री से मांगा इस्तीफा
- प्रदेश में नशे का नेटवर्क…दुर्ग में 10 एकड़ अफीम खेती पर कांग्रेस का बड़ा आरोप
- भाजपा नेता के फार्महाउस में अफीम खेती का मामला,कांग्रेस बोली…सरकार जवाब दे…
- नशे के कारोबार पर सियासत तेजः कांग्रेस ने कहा…भाजपा शासन में प्रदेश बन रहा नशे का अड्डा
- अफीम खेती पर घमासान,कांग्रेस ने भाजपा नेताओं के संबंधों की जांच की मांग उठाई…
- युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में…कांग्रेस ने सरकार को घेरा,कार्रवाई की मांग…

-संवाददाता-
मनेंद्रगढ़/बैकुंठपुर 08 मार्च 2026 (घटती-घटना)। प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार और दुर्ग जिले में सामने आए अवैध अफीम खेती के मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है, जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है और सरकार इसे रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है,राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में नशीली दवाइयों, प्रतिबंधित गोलियों, गांजा, अफीम और अन्य मादक पदार्थों का नेटवर्क लगातार फैल रहा है, जिससे युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में जाती दिखाई दे रही है। पत्रकारवार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के अलावा पूर्व जिला अध्यक्ष नजीर अजहर, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, जिला कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, उपाध्यक्ष प्रवीर भट्टाचार्य, हेमसागर यादव, बिहारी लाल राजवाड़े, भूपेंद्र यादव, आशीष यादव, कृष्ण कुमार राजवाड़े, अनिल जायसवाल, यूसुफ इराकी, आशीष डबरे, दीपक गुप्ता, राजीव गुप्ता, जाग्रत कुर्रे, रियाजउद्दीन, एजाज गुड्डू, एस.एन. मोदी, संजोती मरकाम, अन्नपूर्णा सिंह, चांदनी सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नारकोटिक्स मामलों में
बढ़ोतरी : अशोक जायसवाल
जिला कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है, उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ महीनों में ही नारकोटिक्स से जुड़े हजारों प्रकरण सामने आए हैं, उन्होंने कहा कि इसके बावजूद राज्य सरकार और प्रशासन इस समस्या को रोकने में प्रभावी कार्रवाई करने में असफल साबित हो रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि यदि समय रहते इस पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेश में नशे का नेटवर्क और अधिक मजबूत हो सकता है।
अफीम खेती का मामला
बेहद गंभीर : अशोक श्रीवास्तव
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव एवं कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दुर्ग जिले के समोदा गांव में एक फार्महाउस के अंदर लगभग 10 एकड़ में अफीम की अवैध खेती का खुलासा होना बेहद गंभीर मामला है, कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि जिस व्यक्ति के फार्महाउस में अफीम की खेती का मामला सामने आया है, वह भाजपा से जुड़ा रहा है और पूर्व में भाजपा किसान मोर्चा में पदाधिकारी भी रह चुका है, वर्तमान में भी वह भाजपा के एक प्रकल्प में प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी निभा रहा है, कांग्रेस का कहना है कि उक्त व्यक्ति की भाजपा के कई बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं, जिससे उसके राजनीतिक संबंध स्पष्ट होते हैं।
सत्ता के संरक्षण के बिना संभव नहीं : योगेश शुक्ला
प्रेस वार्ता में पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला और अन्य कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में खुलेआम अफीम की खेती बिना सत्ता के संरक्षण के संभव नहीं हो सकती,उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में जुआ,सट्टा,शराब तस्करी और नशे का कारोबार तेजी से बढ़ा है, जिसका सबसे अधिक प्रभाव प्रदेश के युवाओं पर पड़ रहा है।
युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में…
एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने कहा कि प्रदेश में शराब, गांजा, अफीम और अन्य नशीले पदार्थों का नेटवर्क गांव-गांव तक फैल चुका है, इसके कारण युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में जा रही है,लेकिन सरकार इस समस्या को रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
भाजपा नेताओं से जुड़े होने के आरोप
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि जिस भाजपा नेता के यहां अफीम की खेती का मामला सामने आया है, वह पूर्व में भाजपा किसान मोर्चा के दुर्ग जिला अध्यक्ष रह चुके हैं, उन्होंने कहा कि उस व्यक्ति की तस्वीरें प्रदेश के कई बड़े भाजपा नेताओं के साथ सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं, मिश्रा ने यह भी कहा कि उक्त व्यक्ति की तस्वीर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के साथ भी सामने आई है, उन्होंने कहा कि जब ऐसे लोगों की नजदीकियां भाजपा के बड़े नेताओं के साथ सामने आ रही हैं, तो पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होना जरूरी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
नारकोटिक्स मामलों में बढ़ोत्तरी
जिला कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि प्रदेश में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है,पिछले महीनों में नारकोटिक्स से जुड़े हजारों मामले सामने आए हैं,जो प्रदेश में नशे के बढ़ते नेटवर्क को दर्शाते हैं।
गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग…
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, उन्होंने कहा कि इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए प्रदेश के गृह मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।
आंदोलन की चेतावनी
आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमोल सिंह ने कहा कि यदि सरकार इस गंभीर मुद्दे पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं करती है, तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
कई कांग्रेस नेता रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, पूर्व विधायक गुलाब कमरो,एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे,योगेश शुक्ला,अशोक जायसवाल,सौरव मिश्रा,रामनरेश पटेल,रफीक मेमन,अमोल सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur