Breaking News

मनेंद्रगढ़@ छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के एमसीबी जिला संयोजक गोपाल सिंह का निधन

Share

मनेंद्रगढ़ में दी गई श्रद्धांजलि
मनेंद्रगढ़,07 मार्च 2026 (घटती-घटना)।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के एमसीबी जिला संयोजक एवं शिक्षा जगत के समर्पित व्यक्तित्व स्वर्गीय गोपाल सिंह के निधन से जिले के कर्मचारी और शिक्षक समुदाय में शोक की लहर फैल गई है। लंबी बीमारी (कैंसर) से जूझने के बाद उनका शनिवार, 28 फरवरी 2026 को निधन हो गया। उनके निधन को कर्मचारी जगत के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। स्वर्गीय गोपाल सिंह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलबहरा में व्यायाम शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। वे एक कुशल शिक्षक होने के साथ-साथ कर्मचारी हितों के लिए संघर्ष करने वाले कर्मठ और सक्रिय नेता के रूप में भी जाने जाते थे। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के एमसीबी जिला संयोजक के रूप में उन्होंने कर्मचारियों और शिक्षकों को संगठित करने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए।
मनेंद्रगढ़ में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा
स्वर्गीय गोपाल सिंह की स्मृति में शनिवार, 7 मार्च 2026 को मनेंद्रगढ़ में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यह सभा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय,पानी की टंकी के सामने आयोजित की गई,जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में अधिकारी,कर्मचारी, शिक्षक और विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए, छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला सहसंयोजक गोपाल प्रसाद बुनकर ने बताया कि श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कई संगठनों के पदाधिकारी रहे उपस्थित
श्रद्धांजलि सभा में कोरिया जिले के फेडरेशन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। इनमें जिला संयोजक डॉ. आर.एस. चंदे, संरक्षक शंकर सुवन मिश्रा,राजेंद्र सिंह दद्दा,जिला महासचिव विश्वास भगत तथा वाहन चालक संघ के जिला अध्यक्ष जमुना राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी और शिक्षक शामिल हुए, उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय गोपाल सिंह के व्यक्तित्व और उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि वे हमेशा कर्मचारियों के अधिकारों के लिए खड़े रहने वाले सजग और समर्पित नेता थे। उनके निधन से कर्मचारी जगत ने एक अनुभवी और संघर्षशील साथी को खो दिया है।
अपूरणीय क्षति बताया
फेडरेशन के साथियों और उपस्थित पदाधिकारियों ने उनके निधन को कर्मचारी जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवारजनों को इस दुख की घड़ी को सहने की शक्ति दें।


Share

Check Also

रायपुर@डीपीआई का आदेश : जिस स्कूल के लिए जारी हुआ पोस्टिंग आदेश,वहीं करनी होगी जॉइनिंग,सभी अभ्यावेदन खारिज

Share रायपुर,27 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण को लेकर डीपीआई ने कड़ा आदेश …

Leave a Reply