
अकेले खड़गवां विकासखंड को 18.50 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित
-राजेन्द्र शर्मा-
खड़गवां,01 मार्च 2026 (घटती-घटना)। होली पर्व से पहले प्रदेश सरकार ने किसानों को बड़ी सौगात देते हुए आदान सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की, खड़गवां विकासखंड में आयोजित कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह सह किसान सम्मेलन में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल ने कहा कि ‘छत्तीसगढ़ की पहचान उसके अन्नदाता किसान हैं, उनकी समृद्धि और सम्मान हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, यह राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि किसानों के विश्वास का सम्मान है।’ कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रिया मसराम, जनपद सदस्य श्याम बाई मरकाम, वीरेन्द्र करियाम, धर्मपाल, रामप्रसाद गुप्ता,धनंजय पाण्डेय सहित कई जनप्रतिनिधि,सरपंच और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। समारोह स्थल पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
खड़गवां विकासखंड को 18.50 करोड़ से अधिक-
अकेले खड़गवां विकासखंड के किसानों को 18 करोड़ 50 लाख 88 हजार 907 रुपये 60 पैसे की राशि अंतरित की गई, खड़गवां क्षेत्र के 2,987 किसानों को 1,62,013.60 क्विंटल धान खरीदी के आधार पर 11 करोड़ 84 लाख 31 हजार 941 रुपये 60 पैसे दिए गए, कोड़ा क्षेत्र के 1,862 किसानों को 91,186 क्विंटल खरीदी के आधार पर 6 करोड़ 66 लाख 56 हजार 966 रुपये प्रदान किए गए, यह राशि आगामी खेती सीजन में बीज, खाद और अन्य कृषि आदानों की व्यवस्था में सहायक सिद्ध होगी।
3,100 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ- स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि सरकार ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर की है, पहले चरण में 2,369 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान किया गया था, जबकि शेष 731 रुपये की अंतर राशि अब डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में जमा की गई है, उन्होंने कहा कि पारदर्शी डीबीटी प्रणाली से बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है और किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।
सरकार की अन्य प्रमुख योजनाएं- मंत्री ने बताया कि वर्ष 2000 में प्रदेश का बजट लगभग 5 हजार करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2026 में बढ़कर 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये हो गया है, उन्होंने यह भी बताया कि—18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, वनाधिकार पट्टा वितरण को गति दी गई है, महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है। खड़गवां क्षेत्र में विकास की रफ्तार स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि खड़गवां में कृषि महाविद्यालय का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, बरदर से गिद्धमुड़ी मार्ग निर्माण, उधनापुर नहर संचालन, रतनपुर, करवा अंजलि जलाशय एवं चोपन सहित कई गांवों तक जल पहुंचाने की योजनाएं प्रगति पर हैं, उन्होंने यह भी घोषणा की कि अब रजिस्ट्री के लिए मनेन्द्रगढ़ जाने की आवश्यकता नहीं होगी, खड़गवां में ही पंजीयन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
किसानों को प्रमाणपत्र वितरण- कार्यक्रम के दौरान ‘धान बोनस तिहार’ के अंतर्गत अनेक किसानों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए, किसानों ने सरकार की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि होली से पहले राशि मिलने से खेती की तैयारी में बड़ी सहायता मिलेगी, कुल मिलाकर, यह आर्थिक सहायता न केवल किसानों की आय में वृद्धि का माध्यम बनेगी, बल्कि प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी।
राज्य स्तर से 10,324 करोड़ रुपये का अंतरण- प्रदेश सरकार ने होली से पूर्व राज्यभर के 25 लाख 28 हजार किसानों को कुल 10,324 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में अंतरित की, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड स्थित रहंगी खेल मैदान से आयोजित राज्यस्तरीय किसान सम्मेलन के माध्यम से यह राशि जारी की, इसी क्रम में एमसीबी जिले के मनेन्द्रगढ़, भरतपुर और खड़गवां विकासखंडों में भी समानांतर कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को लाभान्वित किया गया।
एमसीबी जिले के किसानों को 64.31 करोड़ रुपये– एमसीबी जिले के कुल 15,852 किसानों को 64 करोड़ 31 लाख 69 हजार 326 रुपये 60 पैसे की राशि अंतरित की गई। जिले में लगभग 49 हजार किसान करीब 46 हजार हेक्टेयर भूमि पर खेती करते हैं, जिनमें से लगभग 33,840 हेक्टेयर में धान की खेती होती है, खरीफ विपणन वर्ष में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने वाले पंजीकृत किसानों को 731 रुपये प्रति क्विंटल की अंतर राशि आदान सहायता के रूप में प्रदान की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur