Breaking News

बैकुंठपुर@ कोरिया प्रवास में ‘कमरे’ की राजनीति…देर रात मंत्रियों के स्टाफ में तकरार, सुबह माफी से शांत हुआ मामला?

Share

  • फोटो सेशन में व्यस्त रहा प्रशासन,विश्राम गृह में भड़की बहसः किस मंत्री की नाराज़गी से मची हलचल?
  • मंच पर विकास,पीछे विवादः वन विश्राम गृह में मंत्रियों के कर्मचारियों की भिड़ंत से गरमाया माहौल
  • प्रोटोकॉल बनाम प्रतिष्ठाःमुख्यमंत्री दौरे के दौरान कमरे को लेकर विवाद की चर्चा तेज
  • कोरिया दौराः स्वागत से ज्यादा ‘सेल्फी’ पर ध्यान,समन्वय की चूक से बढ़ी देर रात की तनातनी
  • देर रात विश्राम गृह में हलचल, सुबह अधिकारियों की सफाईः क्या यह प्रशासनिक चूक थी?
  • करोड़ों की सौगात के बीच ‘कमरे’ का विवादः किसने मांगी माफी,कौन हुआ नाराज़
  • जब ‘लिसनिंग’ बनी ‘पोजि़ंग’ः मुख्यमंत्री प्रवास में समन्वय की चूक पर उठे सवाल

-रवि सिंह-
बैकुंठपुर,19 फरवरी 2026 (घटती-घटना)।
विष्णु देव साय का कोरिया जिले में दो दिवसीय प्रवास विकास घोषणाओं और लोकार्पण-शिलान्यास के लिए याद किया जाएगा, लेकिन परदे के पीछे की एक घटना ने प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं,मंच पर मुस्कानें थीं, प्रेस नोट में उपलब्धियों की लंबी सूची थी,पर देर रात वन विभाग विश्राम गृह के गलियारों में ‘कमरे’ को लेकर उठा विवाद अब चर्चा का विषय बना हुआ है,आधिकारिक पुष्टि भले न हो, पर सूत्रों के हवाले से जो बातें सामने आई हैं,वे एक अलग तस्वीर पेश करती हैं।
महीने भर की कसरत,दो दिनों की भाग दौड़
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने लगभग पूरे महीने तैयारियों में जुटकर व्यवस्थाओं का खाका खींचा—हेलीपेड से लेकर ओपन थियेटर तक,स्वागत द्वार से लेकर भोजन-व्यवस्था तक,अधि कारियों की बैठकों का दौर चला,विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं,और प्रोटोकॉल की फाइलें बार-बार दुरुस्त की गईं,दौरा संपन्न हुआ, घोषणाएं हुईं,और जैसे ही ‘उड़न खटोला’ ने उड़ान भरी, प्रशासन ने राहत की सांस ली, लेकिन इसी राहत के बीच एक ऐसी घटना की चर्चा शुरू हुई, जिसने पूरी ‘सफलता’ पर प्रश्नचिह्न लगा दिया।
देर रात की तकरारः ‘आवंटन’ बनाम ‘अधिकार’
सूत्रों के अनुसार 16-17 फरवरी की दरम्यानी रात जिला मुख्यालय के एकांत में स्थित वन विभाग विश्राम गृह में दो वरिष्ठ मंत्रियों के स्टाफ के बीच तीखी बहस हुई, बताया जाता है कि एक मंत्री का आगमन अपेक्षाकृत विलंब से हुआ, जबकि दूसरे मंत्री के कर्मचारी पहले से आवंटित कक्ष में पहुंच चुके थे, जब देर रात कमरे के आवंटन पर चर्चा हुई,तो बातों का सिलसिला तेज हो गया—कौन-सा कमरा‘ वरिष्ठ’है, किसे प्राथमिकता मिलनी चाहिए,और लिखित आवंटन क्या कहता है? बहस बढ़ी और कथित तौर पर आवाज़ें भी ऊंची हुईं, यहां प्रश्न उठता है—यदि आवास-आवंटन स्पष्ट और पूर्व-निर्धारित था, तो विवाद की नौबत क्यों आई? क्या समन्वय में कमी थी,या सूचना समय पर संबंधित पक्षों तक नहीं पहुंची?
लाइजनिंग स्टाफः ‘लिसनिंग’ से ज्यादा ‘पोजि़ंग’?
इस प्रकरण में लाइजनिंग स्टाफ की भूमिका पर भी उंगलियां उठ रही हैं,जिन कर्मचारियों को अतिथियों के स्वागत,आवास-व्यवस्था और समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, वे कथित तौर पर कार्यक्रम के दौरान फोटोग्राफी और सोशल मीडिया अपडेट में व्यस्त दिखाई दिए, सूत्रों का कहना है कि कई कर्मचारी पल-पल की तस्वीरें साझा कर रहे थे—मुख्यमंत्री के साथ,मंच के साथ,स्वागत के साथ, लेकिन जब देर रात कमरे को लेकर समन्वय की आवश्यकता पड़ी, तो संबंधित अधिकारी मौके पर तत्काल उपलब्ध नहीं थे, यदि यह सही है,तो यह प्रशासनिक प्राथमिकताओं का विचलन है—जहां कर्तव्य की जगह कैमरा केंद्र में आ गया।
कार्रवाई की आहटः क्या केवल लाइजनिंग स्टाफ ही बनेगा बलि का बकरा ?
विष्णु देव साय के कोरिया प्रवास के दौरान विश्राम गृह में कथित विवाद के बाद अब प्रशासनिक हलकों में कार्रवाई की चर्चा तेज है, सूत्रों के अनुसार लाइजनिंग कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है, लेकिन बड़ा सवाल यह है—क्या पूरा दोष केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर डालकर मामला समाप्त कर दिया जाएगा, या जिम्मेदारी तय करने का दायरा अधिकारियों तक भी पहुंचेगा? वन विभाग विश्राम गृह में यदि वास्तव में मंत्रियों की आवास-व्यवस्था को लेकर विवाद की स्थिति बनी और मामला बहस तक पहुंचा, तो यह केवल एक कर्मचारी की चूक नहीं मानी जा सकती, मंत्रियों के ठहराव, कक्ष-आवंटन और प्रोटोकॉल की अंतिम जिम्मेदारी प्रशासनिक अधिकारियों की होती है,लाइजनिंग स्टाफ निर्देशों का पालन करता है, नीति तय नहीं करता, ऐसे में यदि समन्वय में कमी रही, तो जवाबदेही तय करते समय आदेश देने वालों और निगरानी करने वालों की भूमिका भी जांच के दायरे में आनी चाहिए, प्रशासन के लिए यह आसान विकल्प हो सकता है कि ‘कार्रवाई’ का संदेश देने के लिए छोटे कर्मचारियों पर गाज गिरा दी जाए, लेकिन यदि निर्णय-श्रृंखला की पूरी कड़ी की समीक्षा नहीं हुई, तो यह केवल औपचारिक कार्रवाई बनकर रह जाएगी।
अधिकारियों की फोटोग्राफी पर उठे सवाल
दौरे के दौरान एक और चर्चा ने जोर पकड़ा—अधिकारियों की मुख्यमंत्री के साथ तस्वीरें, कार्यक्रमों के दौरान कई अधिकारी मुख्यमंत्री के साथ फोटो-फ्रेम में दिखे, सोशल मीडिया पर तस्वीरें भी सामने आईं, आलोचकों का कहना है कि जब कुछ जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मुख्यमंत्री से सीधे संवाद न हो पाने को लेकर असंतोष जता रहे थे, तब अधिकारियों की लगातार फोटो उपस्थिति ने असहजता बढ़ाई, यह प्रश्न स्वाभाविक है—क्या किसी अधिकारी का आधिकारिक कार्यक्रम के दौरान मंचीय या व्यक्तिगत फोटोग्राफी में अत्यधिक सक्रिय दिखना प्रशासनिक शिष्टाचार के अनुरूप है? क्या इससे यह संदेश नहीं जाता कि प्राथमिकता जनसंपर्क से ज्यादा ‘छवि-संपर्क’ को दी जा रही है?
अधिकारी वर्ग की व्यस्तताः फोटो-फ्रेम बनाम दायित्व
जिला प्रशासन के कुछ अधिकारी भी मुख्यमंत्री के साथ तस्वीरें खिंचवाने में विशेष रुचि लेते दिखे—ऐसा सूत्रों का दावा है, कार्यक्रम के दौरान जब-जब अवसर मिला, फोटो-फ्रेम में शामिल होने की होड़ रही, आलोचना यह है कि अन्य मंत्रियों के ठहराव और आपसी समन्वय की जिम्मेदारी अपेक्षित गंभीरता से नहीं निभाई गई। यदि वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान मुख्यतः मंच और फोटो-सेशन पर रहा, तो विश्राम गृह जैसी संवेदनशील व्यवस्थाओं की निगरानी कमजोर पड़ना स्वाभाविक है।
क्या नियम क्या कहते हैं?
सरकारी सेवा आचरण नियमों में अधिकारियों को मर्यादा, निष्पक्षता और गरिमा बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है,किसी भी आधिकारिक कार्यक्रम में उनकी भूमिका प्रबंधन, समन्वय और सुचारु संचालन की होती है—न कि निजी प्रचार,यदि फोटोग्राफी केवल औपचारिक दस्तावेजीकरण तक सीमित हो तो वह स्वीकार्य है,परंतु यदि यह व्यक्तिगत या सोशल मीडिया प्रदर्शन का रूप ले ले,तो प्रश्न उठना स्वाभाविक है।
जनता बनाम फोटो-फ्रेम
मुख्यमंत्री का दौरा जनता को विकास योजनाओं की सौगात देने और जनसंवाद के उद्देश्य से था, लेकिन यदि आम नागरिकों को दूरी महसूस हुई और अधिकारी फोटो-सेशन में सक्रिय दिखे,तो यह धारणा बन सकती है कि प्राथमिकताएं उलट गईं, कई जनप्रतिनिधियों के कथित सोशल मीडिया पोस्ट और असंतोष की चर्चाएं इसी धारणा को बल देती हैं।
हस्तक्षेप और ‘माफ़ी’ का अध्याय
घटना की भनक लगते ही मामला वरिष्ठ स्तर तक पहुंचा। सूत्र बताते हैं कि देर रात जिला स्तर के उच्च अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया,संवाद के बाद स्थिति शांत हुई, यह भी चर्चा है कि अगले दिन संबंधित मंत्री से मिलकर कुछ अधिकारियों ने खेद व्यक्त किया,आधिकारिक बयान उपलब्ध नहीं है, पर ‘माफ़ी’ के जरिए मामले को रफा-दफा करने की बात कही जा रही है, सवाल यह है—क्या माफी प्रशासनिक चूक की स्वीकारोक्ति है, या केवल शिष्टाचार? और यदि चूक थी,तो उसकी जवाबदेही तय होगी या नहीं?
विभागीय व्यवस्थाएं और अतिरिक्त ‘सुविधाएं’
सूत्रों का एक और दावा है कि भोजन-व्यवस्था के अतिरिक्त कुछ अन्य व्यवस्थाएं भी की गई थीं,जिनके समन्वय में अस्पष्टता रही, देर रात यही अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी विवाद की पृष्ठभूमि बनीं, यदि एक ही परिसर में एक से अधिक मंत्रियों के ठहरने की व्यवस्था थी,तो वरिष्ठता और प्रोटोकॉल का संतुलन अत्यंत सावधानी से साधा जाना चाहिए था।,यही वह बिंदु है जहां प्रशासनिक दक्षता की परीक्षा होती है।
26 वर्षों के अनुभव पर सवाल
राज्य गठन के 26 वर्षों में इस तरह की घटना का खुलकर चर्चा में आना दुर्लभ माना जा रहा है, आम तौर पर ऐसे विवाद फाइलों और बंद कमरों में सिमट जाते हैं,इस बार मामला सवालों के रूप में बाहर आया है,यह घटना केवल ‘कमरे’ की नहीं,बल्कि समन्वय और प्राथमिकताओं की है,जब प्रशासनिक ऊर्जा का बड़ा हिस्सा छवि-निर्माण में लग जाए और जमीनी प्रबंधन द्वितीयक हो जाए, तो ऐसी स्थितियां बनती हैं।
बड़े सवाल, जिनके जवाब जरूरी
आवास-आवंटन की लिखित सूची और जिम्मेदार अधिकारी कौन थे?
लाइजनिंग स्टाफ की ड्यूटी चार्ट और वास्तविक उपस्थिति का मिलान हुआ?
यदि माफी मांगी गई,तो किस स्तर पर और किस कारण?

क्या भविष्य के लिए स्पष्ट SOP(Standard Operating Procedure) तैयार या संशोधित किया जाएगा?
क्या इस प्रकरण की आंतरिक समीक्षा होगी?

कार्रवाई की दिशा क्या होगी?
क्या आवास-आवंटन और समन्वय की निगरानी करने वाले अधिकारियों की भूमिका की जांच होगी?
क्या केवल निचले कर्मचारियों को दंडित कर मामला समाप्त कर दिया जाएगा?
क्या भविष्य के लिए स्पष्ट प्रोटोकॉल और जिम्मेदारी तय करने का लिखित आदेश जारी होगा?
क्या आधिकारिक कार्यक्रमों में अधिकारियों की व्यक्तिगत फोटोग्राफी पर स्पष्ट दिशा-निर्देश बनाए जाएंगे?
तस्वीरों की चमक में छिपी सीख
मुख्यमंत्री का प्रवास विकास घोषणाओं के कारण याद रखा जाएगा,पर प्रशासन के लिए यह आत्ममंथन का अवसर भी है, जब ‘लिसनिंग’ की जगह ‘फोटो-सेशन’ केंद्र में आ जाए, तो समन्वय की कडि़यां ढीली पड़ती हैं, देर रात की यह घटना भले आधिकारिक रिकॉर्ड में न हो,पर प्रशासनिक गलियारों में इसकी गूंज है, अब देखना यह है कि जिला प्रशासन पारदर्शिता के साथ स्थिति स्पष्ट करता है या इसे भी ‘कार्यक्रम सफल रहा’ की पंक्ति में समेट देता है, लोकतंत्र में जवाबदेही ही व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है—और वही इस प्रकरण की अंतिम कसौटी भी होगी।
अस्वीकरणः उपरोक्त विवरण सूत्रों से प्राप्त जानकारी और उठे सवालों पर आधारित है, संबंधित पक्षों से आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है।


Share

Check Also

रायपुर@सट्टेबाजी गिरोह के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी के घर क्राइम ब्रांच का छापा,विदेशी नेटवर्क और दस्तावेजों की जांच जारी

Share रायपुर,24 अप्रैल 2026। ऑनलाइन सट्टा एप 3 Stumps से जुड़े बड़े नेटवर्क पर रायपुर …

Leave a Reply