कोरिया,17 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कोरिया प्रवास के दौरान झुमका क्रूज पर हुई एक सामूहिक फोटोग्राफी अब चर्चा का विषय बन गई है,आरोप है कि फोटो सेशन के दौरान जनप्रतिनिधियों को पीछे कर अधिकारियों ने आगे स्थान ले लिया,स्थानीय राजनीतिक हलकों में इसे ‘फ्रेम की राजनीति’ कहा जा रहा है—जहाँ तस्वीर में दिखने वाला क्रम ही संदेश बन जाता है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पीछे,अधिकारी आगे?- चर्चा का केंद्र बिंदु यह रहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा की उपस्थिति के बावजूद एएसपी सुरेश चौबे आगे खड़े नजर आए,कुछ लोगों का कहना है कि यह केवल क्षणिक स्थिति थी।
तस्वीर का संदेश क्या? राजनीति में तस्वीरें केवल स्मृति नहीं होतीं—वे प्रतीक भी बन जाती हैं, जब किसी कार्यक्रम में, मुख्यमंत्री केंद्र में, अधिकारी अग्रिम पंक्ति में, और जनप्रतिनिधि पीछे, तो सवाल उठना स्वाभाविक है कि प्रतिनिधिक प्राथमिकता क्या रही?
प्रोटोकॉल बनाम परंपरा- प्रशासनिक कार्यक्रमों में सुरक्षा और प्रोटोकॉल की अपनी अनिवार्यता होती है, संभव है कि सुरक्षा कारणों से अधिकारी आगे रहे हों, लेकिन स्थानीय कार्यकर्ताओं का तर्क है, चुने हुए जनप्रतिनिधि जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं, उन्हें फ्रेम में सम्मानजनक स्थान मिलना चाहिए।
राजनीतिक संकेत या महज़ संयोग?- कुछ राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ऐसे दृश्य अनायास भी हो सकते हैं, लेकिन जब संगठन और प्रशासन के संतुलन पर पहले से चर्चा चल रही हो, तब छोटी-सी तस्वीर भी बड़ा संदेश बन जाती है।
जनप्रतिनिधियों का स्थान—प्रश्न कायम- इस घटना के बाद एक सवाल स्थानीय स्तर पर गूंज रहा है, क्या कोरिया में जनप्रतिनिधियों की भूमिका सीमित होती जा रही है? या यह केवल एक फोटो फ्रेम का संयोग था? झुमका क्रूज पर हुई फोटोग्राफी ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है, तस्वीरें क्षणिक होती हैं, पर उनका अर्थ लंबे समय तक चर्चा में रहता है, अब देखना है क्या इसे संयोग मानकर भुला दिया जाएगा, या यह संगठन और प्रशासन के रिश्तों पर आत्ममंथन का कारण बनेगा?
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur