कुर्मी समाज के कार्यक्रम में भड़के,राजनीतिक बयानबाजी से मना करने पर नाराज
बालोद,19 जनवरी 2026। बालोद जिले में कुर्मी क्षत्रिय समाज के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे पूर्व सीएम भूपेश बघेल नाराज हो गए। जिसके बाद मंच से ही उन्होंने कहा कि सम्मान दे नहीं सकते तो बुलाया मत करो। दरअसल पूर्व मुख्यमंत्री मंच पर भाषण दे रहे थे,इस दौरान उन्होंने किसान,धान के मुद्दे को लेकर सराकर पर निशाना साधा। तभी वहां मौजूद पदाधिकारी ने उन्हें बीच रोकते हुए कहा कि यह सामाजिक कार्यक्रम है यहां राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा नहीं होनी चाहिए। इस बात पर भूपेश बघेल भड़क गए और उन्होंने कहा कि किसान के हित की बात में राजनीति कैसे आ गई। वहीं बघेल के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस हो या भूपेश बघेल कही भी राजनीति करने के लिए ही जाने जाते है।
भाजपा सरकार पर साधा निशाना
18 जनवरी को सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान में कुर्मी क्षत्रिय समाज का वार्षिक सम्मेलन आयोजित किया गया था। जिसमें प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हुए थे। मंच में वे भाषण दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना भी साधा। बघेल ने धान खरीदी व्यवस्था और धान से भरे ट्रकों के गायब होने के मामलों को लेकर राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा किया और कहा कि सरकार का सिस्टम पूरी तरह फेल हो चुका है। भूपेश बघेल ने कहा कि धान खरीदी को लेकर किसानों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धान उठाव और खरीदी प्रक्रिया में भारी गड़बड़ी है, जिसका सीधा नुकसान अन्नदाता को हो रहा है।
बघेल ने सरकारी सिस्टम पर उठाए सवाल : पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार के दावों पर तंज कसते हुए कहा कि अब सरकार खुद यह कह रही है कि 30 करोड़ रुपए का धान चूहा खा गया। उन्होंने कहा कि यह बयान ही अपने आप में बता रहा है कि सिस्टम किस हालत में है। अगर सरकारी गोदामों में रखा धान सुरक्षित नहीं है, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी है। यह सीधे तौर पर सरकारी व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है।
सामाजिक सदस्यों का सम्मान फिर सरकार पर सवाल : सम्मेलन में बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने एक ओर सामाजिक एकता, परंपरा और संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया, सामाजिक सदस्यों का सम्मान भी किया। वहीं दूसरी ओर धान खरीदी व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।
बीजेपी बोली- राजनीति करने के लिए ही जानी जाती है कांग्रेस : भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने भूपेश बघेल के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि चाहे कांग्रेस हो या भूपेश बघेल अपने कर्मों से वे राजनीति करने के लिए ही जाने जाते है। धान के सूखत मामले में कांग्रेस की सरकार के समय साढ़े 6′ सूखत हुई थी। लेकिन उस समय उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की।
तय समय में धान खरीदी पूरी नहीं हो पाएगी : भूपेश
मीडिया से चर्चा के दौरान भूपेश बघेल ने आशंका जताई है कि इस बार तय समय में धान खरीदी पूरी नहीं हो पाएगी। उन्होंने कहा कि यदि हालात ऐसे ही बने रहे, तो लगभग 30 प्रतिशत किसान धान खरीदी का लाभ समय पर नहीं ले पाएंगे।
पीसीसी चीफ कौन बदल रहा,मैं तो नहीं जानता : भूपेश
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया से चर्चा के दौरान पीसीसी (प्रदेश कांग्रेस कमेटी) चीफ बदलने के सवाल पर भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पीसीसी चीफ कौन बदल रहा है, मुझे तो कहीं नहीं सुनाई दिया। आपको पता होगा, आप जानेंगे, मैं तो नहीं जानता।
भाषण के बीच ही टोकने पर विवाद
उन्होंने आरोप लगाया कि व्यवस्था इस कदर लड़खड़ा गई है कि धान से भरे ट्रक गायब हो रहे हैं और कई दिनों बाद जंगलों में लावारिस हालत में मिल रहे हैं। उन्होंने इसे बेहद गंभीर मामला बताते हुए कहा कि इससे साफ जाहिर होता है कि या तो निगरानी तंत्र कमजोर है या फिर व्यवस्था के भीतर बड़ी गड़बड़ी चल रही है। इस दौरान समाज के एक पदाधिकारी ने पूर्व सीएम को भाषण के बीच ही टोक दिया। जिसके बाद बघेल और नाराज हो गए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur