खड़गवां,13 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। एमसीबी जिले के खड़गवां क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। स्थिति यह है कि अब खड़गवां मुख्यालय भी सुरक्षित नहीं रह गया है। गांवों के साथ-साथ मुख्य मार्गों पर भी चोरी की वारदातें सामने आ रही हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। खड़गवां क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फुनगा में बीते दिनों रात के समय अज्ञात चोरों ने एक किसान के घर की छत का कपरा खोलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। उल्लेखनीय है कि ग्राम फुनगा में पिछले तीन महीनों के भीतर यह तीसरी चोरी की घटना है। इसके बावजूद पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व में हुई चोरी की एक घटना में खड़गवां पुलिस ने जिस किसान के घर चोरी हुई थी, उसी को आरोपी बनाकर जेल भेज दिया था। बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता के छोटे भाई को चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे ग्रामीणों में पुलिस के प्रति भय का माहौल बन गया। इसी कारण ग्राम पंचायत फुनगा में बाद में हुई दो अन्य चोरी की घटनाओं की रिपोर्ट किसान थाने में दर्ज कराने नहीं पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें डर है कि कहीं शिकायत करने पर पुलिस उन्हें ही आरोपी न बना दे। इस भय के चलते लोग थाने जाने से कतरा रहे हैं, जिसका फायदा चोर उठा रहे हैं। न तो चोरी की घटनाओं का खुलासा हो रहा है और न ही किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई देखने को मिल रही है। हाल ही में रानीअटारी से चिरमिरी कोयला परिवहन में लगे तीन ट्रेलरों से रात के समय डीजल चोरी की घटना भी सामने आई है। यह वारदात मुख्य मार्ग पर,थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई, जो पुलिस की सतर्कता पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करती है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद पुलिस केवल औपचारिकता निभा रही है। किसी प्रभावी कार्रवाई के अभाव में चोरों के हौसले बुलंद हैं और अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। फुनगा के साथ-साथ खड़गवां मुख्यालय के आसपास के क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। लगातार हो रही चोरियों से किसान और ग्रामीण भयभीत हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का गंभीरता से खुलासा करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में हालात और बिगड़ सकते हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur