Breaking News

पटना@नीतीश आज 10वीं बार लेंगे बिहार के सीएम की शपथ

Share

गांधी मैदान में समारोह…पीएम मोदी समेत 11 राज्यों के सीएम शामिल होंगे…


पटना,19 नवम्बर 2025। नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। आज वे 10वीं बार सीएम पद की शपथ लेंगे। शपथ समारोह सुबह 11.30 बजे गांधी मैदान में होगा। समारोह के लिए 2 मंच बनाए गए हैं। इसमें पीएम मोदी समेत 11 राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। साथ ही 150 मेहमानों को भी निमंत्रण भेजा गया। इससे पहले बिहार विधानमंडल के सेंट्रल हॉल में नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया। वहीं,सुबह 11 बजे पटना के बीजेपी ऑफिस में विधायक दल की बैठक हुई। इसमें सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया है। विजय सिन्हा को विधानमंडल का उपनेता चुना गया है। मतलब सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा दोनों डिप्टी सीएम होंगे। जानकारी के मुताबिक, नीतीश के साथ-साथ सम्राट और विजय सिन्हा भी डिप्टी सीएम की शपथ ले सकते हैं। इधर, बीजेपी के विधायक दल की बैठक से पहले छ्वष्ठ के विधायक दल की बैठक हुई जिसमें नीतीश कुमार को नेता चुना गया। विधायक दल के नेता के चुनाव से पहले केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी गई थी। बीजेपी के संसदीय बोर्ड ने उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया गया, जबकि केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को सह-पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी मिली। सभी मंगलवार रात ही पटना पहुंच गए थे।
नीतीश कुमार ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का किया दावा पेश
बिहार में नीतीश कुमार ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। इससे पहले विधानसभा के केंद्रीय कक्ष में हुई राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की अहम बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विधायक दल का नेता चुना गया। राजग की बैठक में भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को नेता चुने जाने का प्रस्ताव रखा, जिसे विजय कुमार सिन्हा ने समर्थन दिया। इसके बाद विजेन्द्र यादव, राजू तिवारी, संजय पासवान, प्रफुल्ल मांझी, स्नेहलता ने भी इसका समर्थन किया। मौके पर सम्राट चौधरी ने कहा कि आज हम लोगों ने राजग विधानमंडल दल के नेता का चयन किया। राजग को मिली प्रचण्ड जीत के लिए बिहार की जनता को धन्यवाद देता हूं। राजग के सभी घटक दलों के नेताओं को भी धन्यवाद दिया। उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि राजग गठबंधन की ऐतिहासिक जीत के लिए बिहार की महिला मतदाताओं को आभार व्यक्त करता हूं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काम का इस जीत में बड़ा योगदान रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश के काम को देख कर जनता ने राजग को आशीर्वाद दिया। विजय चौधरी ने कहा कि महिलाओं ने मतदान में रिकॉर्ड कायम किया है। महिलाएं और युवा वर्ग राजग के प्रति उत्साहित हैं। इससे पहले नीतीश कुमार सेंट्रल हॉल पहुंचे तब हाथ जोड़कर वहां मौजूद लोगों का उन्होंने अभिवादन किया। इस बैठक में राजग के तमाम नवनिर्वाचित विधायक शामिल हुए और नीतीश कुमार को राजग का नेता चुना, जिसके बाद नीतीश कुमार विधानसभा के सेंट्रल हॉल से राजभवन के लिए रवाना हो गए। राजभवन में नीतीश कुमार के साथ राजग के सभी सहयोगी दलों के शीर्ष नेता मौजूद थे। जदयू अध्यक्ष,भाजपा विधायक दल के नेता,हम और रालोमा दल के प्रतिनिधि,सभी एक साथ पूरे राजनीतिक गठजोड़ की मजबूती का संदेश दे रहे थे। राजग विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नेता चुने जाने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजभवन पहुंच कर राज्यपाल से मिले और सरकार बनाने का दावा पेश किया। मौजूदा मुख्यमंत्री होने के नाते नीतीश कुमार ने पहले पद से इस्तीफा दिया और नई सरकार बनाने का दावा प्रस्तुत किया।

गुरुवार 11.30 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में नीतीश कुमार 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। मंत्रिपरिषद के सदस्यों का शपथ ग्रहण भी होगा। इस प्रक्रिया के दौरान नीतीश कुमार कार्यवाहक मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
नीतीश बोले…बिहार का और ज्यादा विकास करेंगे…
एनडीए विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार ने कहा…पहले से हमारा राज्य काफी आगे बढ़ा है और भी खूब आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री भी घूम घूम कर काम करते हैं। उनका सहयोग भी मिल रहा है। बिहार का और ज्यादा विकास होगा। हमलोग को और ज्यादा मजबूती से काम करना होगा।
चिराग ने 2 मंत्री की डिमांड रखी…
नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद वे बीजेपी नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में मंत्रियों की लिस्ट फाइनल होगी। इधर,सूत्रों के अनुसार चिराग पासवान ने एनडीए में 2 मंत्री पद की डिमांड रखी है। चिराग अपने बहनोई अरुण भारती का नाम बढ़ा सकते हैं। इस बार विधानसभा चुनाव में रुछ्वक्क(क्र) ने 19 सीटें जीती हैं।
जदयू विधायक कोमल सिंह बोलीं…जनता से किए वादों पर खरी उतरूंगी…
मुजफ्फरपुर के गायघाट से विधायक कोमल सिंह ने कहा,ये न्याय नीति और नीतीश का बिहार है। हमने पहले ही कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही होंगे। जनता ने मुझपर भरोसा जताया है, उसपर खरी उतरूंगी। पूरे बिहार में गायघाट का नाम होगा। वहां की जनता के लिए विकास का काम करूंगी।
मुख्यमंत्री ही तय करेंगे कैबिनेट भी…
वहीं बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने सरकार गठन की प्रक्रिया पर जानकारी देते हुए कहा कि कैबिनेट का गठन मुख्यमंत्री तय करेंगे। हम पहले राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इसके बाद ही बाकी बातें स्पष्ट होंगी। जदयू के बिहार प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बैठक के बाद कहा कि शपथ ग्रहण समारोह कल होगा। एनडीए नेता का चयन हो चुका है। सभी एनडीए सहयोगियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल का नेता चुना है।


Share

Check Also

उज्जैन@ उज्जैन में मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास

Share अब स्वामी हर्षानंद गिरि के नाम से जानी जाएंगी,पिंडदान के साथ त्यागा पिछला जीवनउज्जैन,19 …

Leave a Reply