शहबाज शरीफ का आरोप…भारत ने इस्लामाबाद में धमाके करवाए
इस्लामाबाद,11नवम्बर2025 I पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने मंगलवार को हुए इस्लामाबाद कोर्ट में हुए सुसाइड अटैक के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने दावा किया कि यह हमला और अफगान सीमा के पास कैडेट कॉलेज पर हुआ हमला दोनों ही इंडिया स्पांसर्ड आतंकवादी घटनाएं हैं। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में डिस्टि्रक्ट कोर्ट के पास मंगलवार को दोपहर 1 बजे (भारतीय समय के मुताबिक) जोरदार धमाका हुआ। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें 12 लोगों की मौत हुई, जबकि 36 घायल हुए हैं। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि यह पुलिस लाइन्स हेडक्वार्टर तक सुनी गई, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। हादसे के तुरंत बाद रेस्क्यू टीम और सुरक्षाबल मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। पीएम शहबाज ने बयान जारी कर कहा कि भारतीय आतंकियों के हमलों की मैंने कड़ी निंदा की है। मैंने घटना की तुरंत जांच करने का आदेश दिया है। जो भी दोषी पाया जाएगा उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। पीएम शहबाज ने आगे कहा- हम बेगुनाह पाकिस्तानियों का खून बर्बाद नहीं होने देंगे। हम आतंकवाद को मिटाने तक संघर्ष जारी रखेंगे। शहबाज ने आगे कहा कि अब समय आ गया है कि दुनिया भारत की इन साजिशों की निंदा करे। भारत का यह चेहरा अब पूरे दुनिया के सामने बेनकाब हो चुका है। पाकिस्तानी जियो न्यूज के मुताबिक, यह विस्फोट एक सुसाइड अटैक था। अधिकारियों ने बताया कि हमलावर का सिर घटनास्थल पर मिला है, जिससे आत्मघाती हमले की पुष्टि हुई है। इस हमले को लेकर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि देश अब ‘जंग की स्थिति’ में है। उन्होंने इस हमले के लिए अफगान सरकार को जिम्मेदार ठहराया। आसिफ ने कहा कि यह हमला दिखाता है कि अब यह लड़ाई सिर्फ सीमा इलाकों तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे देश में फैली हुई है। उन्होंने कहा कि आतंक के खिलाफ यह पूरा पाकिस्तान का युद्ध है और सेना अपने बलिदानों से देश को सुरक्षा का एहसास करा रही है।उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान ऐसे किसी भी हमले को अब बॉर्डर इलाकों या शहरी इलाकों में बर्दाश्त नहीं करेगा और हर हमले का जवाब दिया जाएगा।
धमाके के बाद अदालत परिसर को खाली कराया गया
धमाके के समय कोर्ट हाउस इलाके में भारी ट्रैफिक था, जिसके कारण आसपास खड़े कई लोग भी घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत पीआईएमएस अस्पताल ले जाया गया। धमाके के बाद इलाके की घेराबंदी कर दी गई और सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया। अदालत परिसर को खाली करा लिया गया, वकीलों, न्यायाधीशों और अन्य नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। न्यायिक परिसर के पीछे से लोगों को बाहर जाने की अनुमति दी गई, जबकि न्यायाधीशों को भी वहां से सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur