नई दिल्ली,10 नवम्बर 2025। दिल्ली में बढ़ते एयर पॉल्यूशन के खिलाफ विरोध कर रहे लोगों को हिरासत में लेने पर राहुल गांधी ने सरकार की आलोचना की। उन्होंने एक्स पर कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से साफ हवा की मांग करने वाले नागरिकों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है? बता दें दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ रविवार को इंडिया गेट पर सैकड़ों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। शाम होते-होते पुलिस ने लोगों को इंडिया गेट से हटा दिया। इस दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया था। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकार ने प्रदूषण से निपटने की कोई प्लानिंग नहीं की है। इधर,केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक रविवार सुबह दिल्ली का औसत एयर मलिटी इंडेक्स (एक्युआई) 391 दर्ज हुआ,जो गंभीर श्रेणी में आता है। कई इलाकों जैसे बवाना (436), पटपड़गंज (425), आरके पुरम (422) और आनंद विहार (412) में हालात बहुत ही खराब हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राहुल गांधी ने एक्स पर प्रदर्शन का एक वीडियो रिपोस्ट करते हुए लिखा- वायु प्रदूषण करोड़ों भारतीयों को प्रभावित कर रहा है। हमारे बच्चों और हमारे देश के भविष्य को नुकसान पहुंचा रहा है, लेकिन वोट चोरी से सत्ता में आई सरकार को इसकी कोई परवाह नहीं है, न ही वह इस संकट को हल करने की कोशिश कर रही है। हमें स्वच्छ हवा की मांग कर रहे नागरिकों पर हमला करने के बजाय, वायु प्रदूषण पर अभी से निर्णायक कार्रवाई करने की जरूरत है। रिपोर्ट के मुताबिक पर्यावरण कार्यकर्ता भवरीन कंधारी ने कहा कि बच्चों की सेहत बिगड़ रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur