पति-पत्नी,3 बच्चों की मलबे में दबने से जान गई,इंदिरा आवास योजना से बना था घर
पटना,10 नवम्बर 2025। पटना से सटे दानापुर में मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई है। घटना रविवार देर रात की मानस नया पानापुर गांव की है। यह गांव सारण और पटना की सीमा से सटे दियारा क्षेत्र में है। मकान की छत गिरने से मोहम्मद बबलू (35), उनकी पत्नी रोशन खातून(30), उनकी बेटी रुसार(12), बेटा मो. चांद(10) और बेटी चांदनी(2) की मौत हो गई है। घर पर पूरा मलबा बिखरा पड़ा है। ईंट, टूटी दीवारों के नीचे बच्चे का स्कूल बैग और कुछ कपड़े, पंखा दबा दिख रहा है। कुछ ईंटों पर खून भी लगा है। पास ही कड़ाही, गैस चूल्हा और किचन के दूसरे बर्तन दबे पड़े हैं। हादसे पर सीएम नीतीश कुमार ने शोक जताया है। पोस्टमॉर्टम के बाद सभी के शव को एंबुलेंस से दियारा के मानस गांव भेजा गया है।
30 साल पुराना था मकान
मृतक की भाभी सहाना खातून ने ने बताया, हमलोगों को फोन पर सूचना मिली थी। घर की छत पुरानी हो चुकी थी, अचानक से गिर गई। गांव के लोगों ने दरवाजा तोड़कर लाशें निकाली गई। हम यहां नहीं रहते हैं। पड़ोसी राम मंगिया राय ने कहा, रात में छत गिर गई। शोर होने पर लोग जुटे, जिसके बाद लाशें निकाली गईं। हमलोग पूरी रात जगे रहे। रात करीब साढ़े 9 बजे खाना खाकर सभी सोने जा रहे थे, तभी हादसा हुआ। बब्लू पांच भाई है। भाई बाहर रहते हैं। इनकी मां भी बाहर रहती है। वे लोग आ रहे हैं। एक मंजिला घर है। घर में यही पांच सदस्य सोए हुए थे। घर के सामने खाली जमीन है। आसपास में कई घर है। पास में ही झोपड़ीनुमा घर में उसके बड़े भाई और भाभी अपने परिवार के साथ रहती है। थानाध्यक्ष ने बताया, शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और प्रशासनिक स्तर पर जांच की जा रही है।
बताया जाता है कि इंदिरा आवास काफी जर्जर हो चुका था। बबलू खान परिवार का अकेला कमाने वाला था। लिहाजा वह रुपए की तंगी की वजह से मकान की मरम्मत नहीं करवा पा रहा था। करीब एक लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
जोरदार आवाज सुन बाहर निकले गांव के लोग
आसपास के लोगों ने बताया कि छत गिरने के बाद जोरदार आवाज हुई। लोग घरों से निकले तो देखा कि छत धराशायी हो चुकी थी। बताया जाता है कि पूरा परिवार रात का खाना खाकर सो रहा था, तभी ये हादसा हुआ है। काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाने पर पांच लोगों के शव मिले हैं। बबलू खान का मकान आवास योजना के तहत मिला था। मकान की दीवारों और छत में दरारें आ गई थीं, जिससे यह हादसा हुआ। ग्रामीणों के अनुसार मोहम्मद बबलू ने इंदिरा आवास योजना के तहत घर बनवाया था, जो पुराना होने के कारण जर्जर हो गया था। इससे रविवार की रात अचानक मकान की छत ढह गई और छत के नीचे सो रहे परिवार के 5 लोगों की मलबे में दबने से मौत हो गई। मोहम्मद बबलू के भाई बाहर थे। जिससे उनकी जान बच गई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur