पटना,02 नवम्बर 2025। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को मुजफ्फरपुर के बिशुनपुर सरैया में चुनावी सभा के दौरान राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि आपका वोट बिहार को जंगलराज से बचाने के लिए होगा। ये लोग कपड़े और चेहरे बदलकर फिर जंगलराज लाएंगे। इन लोगों को वापस मत आने देना। शाह ने कहा कि लालू यादव और सोनिया गांधी को देश की कोई परवाह नहीं है। लालू अपने बेटे को मुख्यमंत्री और सोनिया अपने बेटे को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं। उनकी यह इच्छा पूरी होने वाली नहीं है क्योंकि जगह ही खाली नहीं है। यहां नीतीश कुमार सीएम हैं और दिल्ली में नरेंद्र मोदी पीएम हैं। दूसरी तरफ,लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बेगूसराय में चुनावी सभा को संबोधित किया।
उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा- 56 इंच की छाती वाला डरपोक है। महात्मा गांधी की छाती बड़ी नहीं थी, लेकिन वो किसी से डरते नहीं थे। इंदिरा भी किसी से नहीं डरती थीं।
आपको अपना वोट बिहार को जंगलराज से बचाने के लिए देना है…
शाह ने कहा…आपको किसी उम्मीदवार को विधायक या मंत्री बनाने के लिए वोट नहीं देना चाहिए। आपको बिहार को जंगलराज से बचाने के लिए वोट देना है। लालू-राबड़ी के 15 साल के राज में बिहार का जो पतन हुआ,वही जंगलराज चेहरे और कपड़े बदलकर फिर से आने वाला है। अगर मुजफ्फरपुर की जनता एनडीए को वोट देने का फैसला कर ले,तो कोई भी जंगलराज वापस नहीं ला सकता।
मोकामा में हत्या हुई,यह ठीक नहीं,कानून कड़ी कार्रवाई करेगा
अमित शाह ने कहा कि मोकामा में हत्या हुई। यह ठीक नहीं है। गलत हुआ। कानून कड़ी कार्रवाई करेगा। उन्होंने बताया कि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। अनंत सिंह के टिकट देने के मुद्दे पर अमित शाह ने कहा…वे जदयू की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। शराबबंदी पर उन्होंने कहा कि मेरा व्यक्तिगत मत है कि यह पूरे देश में होनी चाहिए। उन्होंने एक न्यूज चैनल से बातचीत में ये बातें कहीं। आज जंगलराज भेष और चेहरा बदलकर वापस आना चाहता है। नीतीश कुमार के सवाल पर शाह ने स्पष्ट कहा कि चुनाव नीतीश के नेतृत्व में ही लड़ रहे हैं। जीत के बाद भी मुख्यमंत्री वही रहेंगे। संवैधानिक प्रक्रिया में विधायक तय करते हैं, लेकिन एनडीए पहले ही घोषणा कर चुका है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur