एक्टर विजय मृतक के परिजन को 20 लाख और घायलों को 2 लाख की मदद देंगे…
करूर,28 सितम्बर 2025 (ए)। एक्टर विजय की रैली में भगदड़ में रविवार को मरने वालों का आंकड़ा 40 तक पहुंच गया है। इनमें 16 महिलाएं और 10 बचे शामिल हैं। 95 लोग घायल हैं, 51 लोग आईसीयू में भर्ती हैं। मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम ने भगदड़ के पीछे द्रविड़ मुनेत्र कड़गम की साजिश का आरोप लगाया है। मद्रास हाईकोर्ट में इस मामले की जांच के लिए अपील की है। पार्टी ने कहा कि यह भगदड़ हादसा नहीं, साजिश है। वहीं, राज्य सरकार ने कहा कि रैली में सुरक्षा नियम तोड़े गए। टीवीके के वकील अरिवझगन ने कहा- हादसा एक आपराधिक साजिश थी। हमें स्थानीय लोगों से पुख्ता जानकारी मिली है। हमारे पास कुछ सीसीटीवी फुटेज भी है। इनमें साफ दिखता है कि करूर में सत्तारूढ़ पार्टी डीएमके के कुछ नेताओं की साजिश थी। हादसे के बाद गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार से मामले को लेकर रिपोर्ट मांगी है। एक्टर विजय ने पार्टी के एक्स हैंडल से एक पोस्ट किया है, जिसमें लिखा- करूर में जो हुआ, उसका दुख बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। मैं मृतकों के परिजन को 20 लाख और घायलों को 2 लाख की मदद देना चाहता हूं।
करूर भगदड़ पर पीएम मोदी ने जताया शोक
मृतकों के लिए 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि घोषित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तमिलनाडु के करूर में अभिनेता-राजनेता विजय की रैली में हुई भीषण भगदड़ पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने कहा…तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं इस कठिन समय में उन्हें शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने घटना में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इस त्रासदी में घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur