मोदी ने राजस्थान की 1 लाख 22 हजार 670 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण किया

बांसवाड़ा,25 सितम्बर 2025 (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा हमला बोलते हुए कांग्रेस सरकारों पर तीखे आरोप लगाते हुए कहा कि उनके शासनकाल में लूट ही लूट थी, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार में बचत ही बचत है और इसलिए पूरा देश ‘जीएसटी बचत उत्सव’ मना रहा है। उन्होंने विकास, बिजली व भ्रष्टाचार के मुद्दों को उठाया। गुरुवार को बांसवाड़ा के नापला में आयोजित जनसभा में उन्होंने उद्घाटन भाषण की शुरुआत में पीएम ने माही नदी, माँ त्रिपुरा सुंदरी और महाराणा प्रताप व भील योद्धाओं का स्मरण करते हुए स्थानीय लोगों व आदिवासी समुदायों के संघर्ष की प्रशंसा की। पीएम मोदी ने कहा कि विकास की गाड़ी बिजली से चलती है और पहले के दौर में बिजली न होना आम बात थी-पहले बिजली जाना नहीं, बिजली आना न्यूज हुआ करती थी-प्रधानमंत्री के शब्दों में यही पिछली नीतियों की विफलता थी। भाजपा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए पीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने कांग्रेस की लूट को बंद किया और जीएसटी में हालिया बदलावों का हवाला देते हुए आम उपभोक्ता की जेब पर असर दिखाया। उदाहरण देते हुए कहा कि वही सामान 2017 में 118 रुपए का आ जाता था, जबकि नए बदलाव के बाद 105 रुपए देना पड़ता है। उन्होंने नवरात्र के पहले जीएसटी सुधार का जिक्र करते हुए कहा कि इससे घरेलू खर्चों में राहत मिली है। श्रृंखला कार्यक्रमों में पीएम मोदी ने राजस्थान के लिए कुल 1,22,670 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। प्रमुख परियोजना 42,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 2,800 मेगावाट माही-बांसवाड़ा परमाणु विद्युत परियोजना का शिलान्यास भी शामिल था। इसके अलावा पीएम ने जोधपुर/बीकानेर-दिल्ली कैंट के बीच चलने वाली दो नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।
और प्रतीकात्मक रूप से दो युवकों को सरकारी नियुक्ति पत्र सौंपे। मंच से उन्होंने अलग-अलग विभागों/संगठनों के लिए चयनित 15,000 युवाओं को जॉइनिंग लेटर देने की भी घोषणा की। सभास्थल पर पीएम मोदी ने खुली जीप में प्रवेश किया और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, दोनों उप-मुख्यमंत्रियों दिया कुमारी व प्रेमचंद बैरवा, साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के साथ जनता का अभिवादन स्वीकार किया। मंत्री बाबूलाल खराड़ी और अन्य विधायकों ने उन्हें तीर-कमान भेंट कर अभिनंदन किया।
बिजली है तो दुनिया हमारे पास है : मोदी
पीएम बोले- बिजली है तो दुनिया हमारे पास है, लेकिन हमारे देश में कांग्रेस की सरकारों ने बिजली के महत्व पर ध्यान ही नहीं दिया। 2014 में जब मुझे सेवा का मौका दिया और दायित्व संभाला, तब देश के ढाई करोड़ घर ऐसे थे, जहां बिजली का कनेक्शन नहीं था। आजादी 70 साल के बाद भी बिजली नहीं थी। गांवों में पोल तक नहीं थे। गांवों में तो 4 से 5 घंटे बिजली आ जाए तो बड़ी बात हो जाती है।
कांग्रेस ने राजस्थान को पेपर लीक का सेंटर बना दिया था
मोदी ने कहा-कांग्रेस सरकार में राजस्थान पेपर लीक का सेंटर बन गया था। जल जीवन मिशन को भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया था। महिलाओं पर अत्याचार चरम पर था। बलात्कारियों को संरक्षण दिया जा रहा था। बांसवाड़ा में अवैध कारोबार खूब पनपा।
कांग्रेस के समय हालात खराब क्यों थे : मोदी
पीएम ने कहा…कांग्रेस के समय हालात खराब क्यों थे? कांग्रेस सरकार देश के लोगों को लूट रही थी। कांग्रेस सरकार में टैक्स और महंगाई दोनों चरम थी। 2014 के पहले की बात कर रहा हूं। कांग्रेस सरकार 100 रुपए की खरीद पर 31 रुपए टैक्स लेती थी। 2017 में यही सामान 118 रुपए में आने लगा। अब जीएसटी में बदलाव के बाद 105 रुपए देना पड़ता है। कांग्रेस की तुलना में 26 रुपए बचत हो रही है। कांग्रेस के राज में आपको 500 रुपए का जूता 575 रुपए का आता था। कांग्रेस 500 रुपए के जूते पर 75 रुपए टैक्स वसूलती थी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur