जयपुर,14 सितम्बर 2025 (ए)। जयपुर में एक कार बेकाबू होकर रिंग रोड से नीचे गिर गई। हादसे में कार सवार दो परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। हादसा शिवदासपुरा थाना इलाके में प्रहलादपुरा के पास शनिवार देर रात हुआ। रविवार दोपहर करीब 12ः30 बजे अंडरपास में भरे पानी में क्षतिग्रस्त कार उलटी पड़ी दिखाई दी। लोगों ने कार देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला तो चौंक गई। कार में 7 लोगों के शव थे। पुलिस ने कार में फंसे शवों को निकाला। महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
हरिद्वार में अस्थि विसर्जन कर लौट रहे थे
एसएचओ सुरेंद्र सैनी ने बताया- वाटिका सांगानेर निवासी रामराज वैष्णव (38), पत्नी मधु (36) और बेटे रुद्र (14 महीने) और फुलियाकलां (भीलवाड़ा) निवासी उनके रिश्तेदार अशोक वैष्णव उर्फ कालूराम (47), उनकी पत्नी सीमा देवी (45), बेटे रोहित (23) और पोते गजराज (3) की मौत हो गई। रामराज टैक्सी चलाते थे। उनके चार बेटी और हैं। कालूराम के पिता का निधन हो गया था। शुक्रवार को तीये की बैठक के बाद दोनों परिवार के सात लोग अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार गए थे। वे अस्थि विसर्जन कर देर रात कार से जयपुर लौट रहे थे। शिवदासपुरा इलाके में प्रहलादपुरा के पास रिंग रोड पर ओवर स्पीड कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई। इसके बाद रिंग रोड से 16 फीट नीचे अंडरपास में भरे पानी में गिर गई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur