कांग्रेस ने घुसपैठियों को बढ़ावा दिया,गरीबों को ठुकराया,हमारे लिए जनता भगवान
गुवाहाटी,14 सितम्बर 2025 (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के असम दौरे का रविवार दूसरा दिन था। उन्होंने दरांग और गोलाघाट के नुमालीगढ़ में 18,500 करोड़ के इन्फ्रास्ट्रक्चर और इंडस्टि्रयल प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम ने दोनों जगहों पर जनसभाएं भी कीं। प्रधानमंत्री ने दरांग में कहा- जब हमने भूपेन हजारिका को भारत रत्न दिया था,तो कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा था कि मोदी, नाचने-गाने वालों को भारत रत्न दे रहा है। मुझे कितनी ही गालियां दे, मैं भगवान शिव का भक्त हूं,सारा जहर निकाल लेता हूं। लेकिन जब किसी और का अपमान होता है, तो मुझसे रहा नहीं जाता।
नुमालीगढ़ में पीएमने कहा- कांग्रेस के कार्यकाल में गरीबों को ठुकराया गया। आदिवासियों के साथ अन्याय हुआ। हमारा मंत्र नागरिक देवो भवः है। हमारे लिए जनता भगवान है। देश के नागरिकों को असुविधा न हो,भाजपा सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
ट्रेड और टूरिज्म का बड़ा सेंटर बनेगा असम : मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, हमारी योजनाओं का लाभ यहां चाय बागानों में काम करने वाले भाई और बहनों को भी हो रहा है। उनका हित हमारी प्राथमिकता है। सरकार टी गार्डन में काम करने वाली महिलाओं को मदद दे रही है। उनके स्वास्थ्य,बच्चों की शिक्षा पर हमारा बहुत जोर है। यहां माता और शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए भी योजनाएं चला रही है। कांग्रेस के समय इन श्रमिकों को टी कंपनी के भरोसे छोड़ दिया गया था। लेकिन हम उनके घर,बिजली,पानी और स्वास्थ्य की चिंता कर रहे हैं। असम के विकास का दौर शुरू हो चुका है। असम ट्रेड और टूरिज्म का बड़ा सेंटर बनेगा।
हम मिलकर नया असम बनाएंगे। विकसित भारत बनाएंगे।
पीएम ने कहा…कांग्रेस के कार्यकाल
में गरीबों को ठुकराया और तरसाया गया
प्रधानमंत्री ने कहा…जनजाति समाज के साथ तो ऐतिहासिक अन्याय हुआ है। भाजपा उन्हें ठीक करने में जुटी है। हमारा मंत्र नागरिक देवो भवः है। यानी देश के नागरिकों को असुविधा न हो। भटकना न पड़े। लंबे समय तक कांग्रेस के कार्यकाल में गरीबों को ठुकराया और तरसाया गया। पीएम ने आगे कहा- कांग्रेस का काम एक वर्ग के तुष्टिकरण से हो जाता था। उनको सत्ता मिल जाती थी। लेकिन भाजपा तुष्टिकरण नहीं संतुष्टिकरण पर जोर देती है। कोई भी गरीब और इलाका पीछे न रहे, हम इसके लिए काम कर रहे हैं। अभी तक असम में 20 लाख से ज्यादा पक्के घर गरीबों को मिल गए हैं। घर-घर नल पहुंचाने का काम चल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,विकास के प्रयासों के बीच असम के लिए चुनौती भी विकराल होती जा रही है। ये चुनौती है घुसपैठ की। कांग्रेस सरकार ने उन्हें जमीनें दीं। संरक्षण दिया। वोटबैंक के लालच में असम की डेमोग्राफी को बिगाड़ दिया। अब भाजपा सरकार असम के लोगों के साथ मिलकर इस चुनौती का मुकाबला कर रही है।
कांग्रेस ने असम को अलगाव,हिंसा और विवाद दिए : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा…हमारी सरकार असम की पुरानी पहचान को संरक्षित करते हुए आधुनिक पहचान से जोड़ रही है। कांग्रेस ने असम और दूसरे नॉर्थ ईस्ट राज्यों को अलगाव,हिंसा,विवाद दिए। भाजपा असम को विकास और विरासत से समृद्ध बना रही है। मोदी ने कहा- हमारी सरकार ने असमिया भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिया। मुझे खुशी है कि यहां कि सरकार नई एजुकेशन पॉलिसी को भी तेजी से लागू कर रही है। कांग्रेस ने असम के महान सपूतों को भी कभी सम्मान नहीं दिया। प्रधानमंत्री ने आगे कहा…इस धरती पर वीर लाचित बरफुकन जैसे योद्धा हुए। लेकिन कांग्रेस ने कभी उन्हें वो सम्मान नहीं दिया, जिसके वो हकदार थे। हमने उनकी 400वीं जयंती मनाई, 23 भाषा में जीवनी प्रकाशित की। जोरहाट में उनकी विशाल प्रतिमा बनवाई। कांग्रेस ने जिसकी उपेक्षा की, हम उसे अंतिम पंक्ति पर लेकर चल रहे हैं। पीएम ने कहा…आज भारत सबसे तेज विकसित होने वाला देश है। जैसे-जैसे हम विकसित हो रहे हैं, वैसे-वैसे बिजली और ईंधन की जरूरतें भी बढ़ रही हैं। हम विदेश से बिजली और ईंधन आयात करते हैं और बदले में उन्हें लाखों रुपए देने पड़ते हैं। इससे विदेश में रोजगार और आमदनी होती है। इसे बदलना जरूरी है। इसलिए भारत को आत्मनिर्भर बनना जरूरी है और हम इस राह में चल पड़े हैं। प्रधानमंत्री ने कहा…ग्रीन एनर्जी के मामले में भी हम तेजी से कदम उठा रहे हैं। एक दशक पहले हम बहुत पीछे थे, लेकिन आज टॉप 5 देशों में है। बदलते हुए इस समय में भारत को तेल और गैस के विकल्प में और भी ईंधन की जरूरत है। ऐसा ही विकल्प है एथेनॉल।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur