- प्रदर्शनकारियों के हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए इंटरनेट किया गया बंद,लगाया गया कर्फ्यू
- मैतेई लीडर की गिरफ्तारी के विरोध में किया हिंसक प्रदर्शन
- स्थिति बिगडऩे पर लगाया गया कर्फ्यू …


इंफाल,08 जून 2025 (ए)। कुछ दिनों तक शांत रहे मणिपुर में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। मणिपुर के इम्फाल पश्चिम में शनिवार रात को एक मैतेई नेता की गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थक आग-बबूला हो गए।
इसके बाद पूरे इलाके में हिंसक प्रदर्शन हुए, प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर टायर जलाए और आत्मदाह की कोशिश की। स्थिति बिगडऩे पर बिष्णुपुर में कर्फ्यू लगाया गया है और कई जिलों में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।
शनिवार रात को सुरक्षाबलों ने मैतेई संगठन अरामबाई तेंगगोल के एक नेता को गिरफ्तार किया था। इस नेता का नाम सामने नहीं आया है, लेकिन दावा किया जा रहा है कि ये कानन सिंह है।
इस गिरफ्तारी के बाद मैतेई लोग उग्र हो गए और राजधानी इंफाल में कई जगह हिंसक प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा बलों से झड़प भी हुई।
इंफाल पूर्व के खुरई लामलोंग में भीड़ ने एक बस को आग के हवाले कर दिया। प्रशासन ने शनिवार रात से अगले 5 दिनों के लिए घाटी के पांच में वीपीएन सहित इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं को निलंबित कर दिया है। इनमें इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम,थौबल,काकचिंग और बिष्णुपुर शामिल है। बिष्णुपुर जिले में पूर्ण कर्फ्यू लगाया गया है, जबकि इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम,थौबल और काकचिंग में 5 या इससे ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रदर्शनकारियों ने खुद को आग लगाने की कोशिश
मैतेई नेता की रिहाई की मांग करते हुए प्रदर्शनकारियों ने इंफाल के मकेथेल और उरीपोक में सड़क के बीचों-बीच टायर और पुराने फर्नीचर जलाए। एयरपोर्ट का भी घेराव किया गया। इंफाल के अलग-अलग इलाकों में प्रदर्शन कर रहे लोगों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। कुछ प्रदर्शनकारियों ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की।
गुस्साई भीड़ ने इंफाल वेस्ट जिले के खुरई लामलोंग में एक बस को भी आग के हवाले कर दिया। मकेथेल में कई गोलियों की आवाजें सुनी गईं,लेकिन यह पता नहीं चल पाया कि गोलियां किसने चलाईं। तीन लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। रविवार सुबह भी स्थिति तनावपूर्ण रही।
राजभवन की सुरक्षा बढ़ाई गई
राजभवन की ओर जाने वाली सड़कों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। केंद्रीय बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति जारी आदेशों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
NIA ने तीन उग्रवादियों को किया गिरफ्तार
मणिपुर में पिछले साल सुरक्षा बलों पर हुए जानलेवा हमले के मामले में NIA ने तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इस हमले में दो पुलिस कमांडो की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। यह हमला 17 जनवरी 2024 को तेंगनौपाल जिले के मोरेह इलाके में इंडियन रिजर्व बटालियन (IRB) की पोस्ट और अन्य सुरक्षा बलों पर किया गया था।
13 फरवरी से राष्ट्रपति शासन, नई सरकार 15 जून तक बनने की संभावना
मणिपुर में 13 फरवरी से राष्ट्रपति शासन है,लेकिन मौजूदा विधानसभा भंग नहीं हुई है। सिर्फ निलंबित है। हालांकि,30 अप्रैल को 21 विधायकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर राज्य में तत्काल लोकप्रिय सरकार बनाने की मांग की थी। पत्र पर भाजपा के 14 विधायकों ने साइन किए हैं। इसके बाद इंफाल राजभवन में 28 मई को हृष्ठ्र के 10 विधायकों ने राज्यपाल अजय भल्ला से मुलाकात की थी। इनमें से एक विधायक ने भास्कर को बताया था,नई सरकार के ढांचे पर चर्चा हुई है। उम्मीद है कि 15 जून तक एक सरकार बन जाएगी।