कोरिया 07 फरवरी 2022 (घटती-घटना)। धान खरीदी के अंतिम दिन कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश एवं मार्गदर्शन पर जिले में प्रशासनिक टीम ने अलग-अलग उपार्जन केंद्रों में पहुंचकर किसानों को सम्मानित किया। पटना एवं गिरिजापुर धान खरीदी केंद्र में जिला पंचायत सीईओ कुणाल दुदावत ने धान विक्रय करने पहुंचे किसानों को शुभकामनाएं देते हुए शाल, श्रीफल एवं पौधा भेंट करते हुए सम्मानित किया। उन्होंने किसानों से चर्चा करते हुए भुगतान राशि की जानकारी ली।
खरीदी केन्द्रों की अच्छी व्यवस्था और समयसीमा
में राशि भुगतान पर किसानों ने बताए अनुभव
किसानों ने बताया कि समय पर राशि का भुगतान बैंक खाते में मिल रहा है। गिरिजापुर धान खरीदी केंद्र पहुंचे ग्राम आंजोकला के किसान सुदर्शन प्रसाद साहू ने बताया कि धान खरीदी केंद्र में अच्छी व्यवस्था है, शासन प्रशासन के सहयोग से किसी प्रकार की समस्या नही हुई। वहीं किसान रामकुमार ने धान खरीदी व्यवस्था पर संतुष्टि जाहिर करते हुए बताया कि मैंने यहां दो किस्तों में धान बेचा है जिसमें प्रथम क़िस्त का भुगतान मुझे समय पर मिल गया है। दुदावत ने खरीदी केंद्र पहुंचे किसान विजेंद्र से चर्चा करते हुए किसान क्रेडिट कार्ड की जानकारी दी एवं अन्य किसानों के भी दस्तावेजों का अवलोकन किया।
जामपारा में अपर कलेक्टर एवं एसडीएम बैकुंठपुर ने किसानों का सम्मान करते हुए पौधे किये भेंट
जामपारा धान खरीदी केंद्र में अपर कलेक्टर सुखनाथ अहिरवार और एसडीएम बैकुंठपुर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर ने धान बेचने आये किसानों को फूलमाला पहनाकर एवं पौधे भेंटकर सम्मानित किया। विकासखण्ड खड़गवां में एसडीएम बीएस मरकाम द्वारा धान उपार्जन केन्द्र बरदर में किसान ओंकार पाण्डेय को धान खरीदी के अंतिम दिन काजू का पौधा भेंटकर सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि 07 फरवरी को अंतिम दिन में धान बेचने के लिए 249 किसानों ने टोकन लिया है। 10 हज़ार 622 क्विंटल धान बेचने के लिए किसानों द्वारा टोकन लिया गया है। जिले में 6 फरवरी तक 13 लाख 97 हज़ार 701 क्विंटल धान बेचा गया है। जिसमें से 53.75 प्रतिशत धान का उठाव पूर्ण कर लिया गया है।
पंचायत नोडल अधिकारियों में भी किया धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण
ग्रामपंचायत के नोडल जिला स्तरीय अधिकारियों ने भी धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया एवं किसानों से बात कर उनके अनुभव जाने। मनेन्द्रगढ़ के अंतर्गत नागपुर धान उपार्जन केंद्र में नायब तहसीलदार श्री विभोर यादव और बैकुंठपुर के तरगवां समिति में नायब तहसीलदार श्री भीष्म पटेल ने अंतिम दिन धान बिक्री करने आए किसानों को शाल, श्रीफल और पौधा भेंट किया।
Check Also
सूरजपुर@ विश्व रक्तदाता दिवस : कलेक्टर ने किया रक्तदान 29 बार रक्तदान कर मिसाल बने महेश कुमार दोहरे
Share जिला अस्पताल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित,जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा-संवाददाता-सूरजपुर,14 जून …
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur