कामर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर सस्ता हुआ
घरेलू रसोई गैस की कीमत में नहीं हुआ कोई बदलाव
1 जनवरी 2022 से लागू हो गए हैं नए रेट
नई दिल्ली 01 जनवरी 2022(ए)। नए वर्ष 2022 के पहले ही दिन शनिवार को रसोई गैस की कीमतों में बड़ी राहत मिली है। सरकारी गैस कंपनियों ने कामर्शियल रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती की है। साल 2022 के पहले दिन 19 किलोग्राम वाले कामर्शियल की कीमत में 102.50 रुपए की कटौती की गई है। वहीं राहत की बात ये है कि बगैर सब्सिडी वाली 14.2 किलोग्राम की रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। साथ ही 5 किलो वाले छोटू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत भी 368 रुपए पर यथावत रखी गई है।
कामर्शियल एलपीजी गैस सिलिंडर
की नई कीमत
कीमत में कटौती के बाद नई दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कामर्शियल एलपीजी गैस सिलिंडर की नई दर 1998.50 रुपए हो गई। 19 किलोग्राम वाले कामर्शियल एलपीजी गैस सिलिंडर की कीमत मुंबई में 1948.50 रुपए, कोलकाता में 2076 रुपए और चेन्नई में 2131 रुपए है। इसका फायदा ज्यादातर होटल, रेस्टोरेंट जैसे व्यवसाय में शामिल लोगों को होगा। हालांकि, आम लोगों के काम वाले घरेलू रसोई गैस की कीमतें यथावत रखी गई हैं।
14.2 किलोग्राम रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया
सरकारी गैस कंपनियों ने बगैर सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया है। राजधानी दिल्ली में बगैर सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत 899.5 रुपए, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में रसोई गैस सिलेंडर की कीमत क्रमश: 899.5 रुपए, 926 रुपए और 915.5 रुपए है।
सब्सिडी को लेकर होने वाला है बड़ा बदलाव?
, घरेलू गैस सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी अब 100 रुपए से भी कम रह गई है। इस प्रकार इसकी वास्तविक कीमत उपभोक्ता के लिए 900 रुपए से भी अधिक पड़ रही है। वहीं अब एलपीजी रसोई गैस पर सब्सिडी केवल आर्थिक तौर पर कमजोर लोगों को ही देने की तैयारी की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार एलपीजी रसोई गैस सब्सिडी के नए दिशा-निर्देश जारी करने की तैयारी कर रही है। इसको लेकर फरवरी 2022 में पेश होने वाले बजट में ऐलान संभव है। इसके बाद एलपीजी रसोई गैस पर मिलने वाली सब्सिडी सिर्फ कमजोर आर्थिक वर्ग में आने वाले लोगों को ही दी जाएगी।