नई दिल्ली,20 दिसंबर 2021 (ए )। समाजवादी पार्टी सांसद जया बच्चन ने आज राज्य सभा में भाजपा पर तीखा हमला किया. उन्होंने केंद्र सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि बहुत जल्द आप लोगों के बुरे दिन आने वाले हैं. जया बच्चन का यह गुस्सा उस समय दिखा जब सदन में नारकोटिक्स ड्रग्स और साइकोट्रॉपिक पदार्थ विधेयक 2021 पर चर्चा चल रही थी. उन्होंने सरकार को बुरे दिन का श्राप तक दे डाला.
जया बच्चन की यह टिप्पणी ऐश्वर्या राय बच्चनके प्रवर्तन निदेशालय में पेश होने के कुछ समय बाद आया. उन्होंने स्पीकर से कहा कि मुझ पर व्यक्तिगत रूप से टिप्पणी की गई लेकिन मैं किसी पर कोई व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करना चाहती.
सपा सांसद ने कहा कि मैं आप लोगों को श्राप देती हूं कि आप लोगों के बुरे दिन अब बहुत जल्द आने वाले हैं. उन्होंने विपक्षी नेताओं से कहा कि आप लोग किसके आगे बीन बजा रहे हैं. सांसद जया बच्चन के हमले के बाद सदन में हंगामा तेज हो गया और पीठासीन अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को पांच बजे तक के लिए स्थगित कर दिया.
सदन का अपमान करने का लगा आरोप
भाजपा सांसद राकेश सिन्हा ने जया बच्चन पर संसद की गरिमा को कम करने का आरोप लगाया. उन्होंने उन पर स्पीकर को व्यक्तिगत तौर पर संबोधित करने का भी आरोप लगाया. राकेस सिन्हा ने कहा कि किसी भी सांसद को सदन में इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए. इस तरह का व्यवहार चेयर का अपमान है.
पनामा पेपर्स मामले में ऐश्वर्या से पूछताछ
आपको बता दें कि ऐश्वर्या राय बच्चन सोमवार को 2016 के पनामा पेपर्स लीक मामले में प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश हुई थीं. आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी. ईडी द्वारा अभिनेता अमिताभ बच्चन की बहू ऐश्वर्या राय से विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के प्रावधानों के तहत पूछताछ की जा रही है.
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur