नई दिल्ली, 18 नवंबर 2021 (ए) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा एक बार फिर यमुना की सफाई कराने की घोषणा करने पर तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली के ‘घोषणामंत्री’ अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर से चुनाव से ठीक पहले यमुना नदी की सफाई कराने की घोषणा की है। श्री गुप्ता ने कहा कि लगातार चुनाव से पहले एक ही राग अलापना केजरीवाल की आदत बन गई है। आदेश गुप्ता ने कहा कि साल 2013 से लेकर लगातार एक ही बात सुनने को मिलता है कि यमुना को अब साफ करके डुबकी लगाने लायक बना दिया जाएगा और यमुना लंदन की टेम्स नदी जैसी हो जाएगी, लेकिन साल 2013, 2014, 2015, 2017, 2019 और 2020 में यमुना सफाई की बात करने के बावजूद आज यमुना पहले से बदतर स्थिति में है। उन्होंने कहा कि यमुना जब हरियाणा से दिल्ली में प्रवेश करती है तो जल का बीओडी लेवल 2 होता है जबकि दिल्ली में 22 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद बीओडी लेवल 50 हो जाता है। यमुना की गंदगी का 80 प्रतिशत भाग का कारण दिल्ली के औद्योगिक संस्थानों से निकलने वाली जहरीली पानी और गंदे नालें हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur